India News (इंडिया न्यूज), Women Hockey Asian Champion Trophy 2024: भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली है। यह खिताबी मुकाबला बुधवार (20 नवंबर, 2024) को बिहार के राजगीर में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम का सामना चीन से हुआ। इस मैच में भारतीय टीम ने दमदार खेल दिखाया और चीन को 1-0 से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। टीम के लिए एकमात्र गोल दीपिका ने 31वें मिनट में किया। यह टूर्नामेंट का उनका 11वां गोल था। इसके अलावा चीन ने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन उनकी मंशा पूरी नहीं हो सकी।
डिफेंडिंग चैंपियन थीं भारतीय महिला हॉकी टीम
हम आपको जानकारी के लिए बता दें कि, पिछला खिताब भी भारतीय टीम ने ही जीता था। टीम का यह लगातार दूसरा खिताब है। मेजबान भारतीय टीम इस बार टूर्नामेंट में अपराजित रही है। यह एकमात्र टीम है, जिसे अब तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है। ग्रुप स्टेज में भी भारत ने अपने सभी मैच जीते हैं। भारतीय टीम ने मंगलवार को सेमीफाइनल में जापान को 2-0 से हराया था। वहीं चीन का भी टूर्नामेंट में रिकॉर्ड अच्छा है। उसे ग्रुप स्टेज में सिर्फ भारतीय टीम से ही हार का सामना करना पड़ा था। चीन ने अपने 5 पूल गेम में से 4 जीते हैं। उसने सेमीफाइनल में मलेशिया को 3-1 से हराया था।
हिंदू ज्योतिष ने दिलीप कुमार को कैसे बनाया AR Rahman, पिता की इस वजह से अपनाया मुस्लिम धर्म
तीसरे क्वार्टर में दीपिका ने किया मैच का पहला गोल
मैच का हाफ टाइम दोनों टीमों के बीच बिना किसी गोल के बराबर रहा। लेकिन तीसरे क्वार्टर में दीपिका अलग ही रंग में दिखीं। 31वें मिनट में दीपिका ने भारतीय टीम का खाता खोला। दरअसल, चीन की गलती की वजह से भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। पेनाल्टी कॉर्नर से ट्रैप पर सुशीला ने गलती की, लेकिन नवनीत को बॉल मिल गई, उन्होंने डी में जगह बनाकर दीपिका को दे दी। दीपिका ने समय लिया और शानदार तरीके से रिवर्स हिट से गोल दागा। इस तरह भारतीय टीम ने मैच और खिताब दोनों जीत लिए।