इंडिया न्यूज़ (भोपाल, congress leader raja pateriya arrested in madhya pradesh): मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता राजा पटेरिया को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पन्ना जिले की पुलिस ने दमोह जिले में पटेरिया निवास से गिरफ्तार किया।

उन्होंने अपनी एक सभा में पीएम मोदी की हत्या की बात कही थी। पन्ना में हुई सभा में पटेरिया ने कहा था- अगर लोकतंत्र को बचाना है तो मोदी की हत्या को तत्पर रहो। हत्या का मतलब हराना है।

राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया पर FIR के निर्देश दिए थे। इसके बाद उनके खिलाफ पन्ना के पवई थाने में केस दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- ये विद्वेष की पराकाष्ठा है। ये घृणा की अति है। कांग्रेस के असली भाव प्रकट हो गए हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा।

विवाद के बाद सफाई देते हुए पटेरिया ने कहा कि वे गांधी को मानने वाले हैं और गांधी को मानने वाला हत्या की बात नहीं कर सकता। VIDEO गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।

इससे पहले भी लग चुका है आरोप

राजा पटेरिया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्वजय सिंह पर निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों को गलत तरीके से लाभ पहुंचाने का आरोप है।

इस केस की ED जांच कर रही है। मामले में भोपाल में पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के सामने भी राजा पटेरिया पेश हो चुके है।