India News (इंडिया न्यूज), Most Powerful Intercontinental Ballistic Missiles: आधुनिक युद्ध तकनीक की दुनिया में मिसाइल शक्ति किसी भी देश की सामरिक ताकत का सबसे बड़ा संकेतक बन गई है। आज दुनिया में केवल 7 देश ऐसे हैं जिनके पास सबसे शक्तिशाली अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) हैं। इन देशों में रूस, अमेरिका, चीन, उत्तर कोरिया, ब्रिटेन, फ्रांस और भारत शामिल हैं।
1. रूस: मिसाइल शक्ति में सबसे आगे
रूस को दुनिया का सबसे बड़ा मिसाइल शस्त्रागार माना जाता है। ‘शैतान-2’ के नाम से मशहूर RS-28 सरमत जैसी मिसाइलें 18,000 किलोमीटर की दूरी तक हमला कर सकती हैं और एक साथ कई परमाणु हथियार ले जा सकती हैं।
2. अमेरिका: वैश्विक शक्ति
अमेरिका के पास मिनटमैन III जैसी ICBM और ट्राइडेंट II जैसी पनडुब्बी से लॉन्च की जाने वाली मिसाइलें हैं। जिनकी रेंज 13000 किलोमीटर तक बताई जाती है। ये मिसाइलें दुनिया के किसी भी कोने को तबाह करने की ताकत रखती हैं।
3. चीन: भारत के लिए चुनौती
चीन ने हाल के वर्षों में अपनी मिसाइल तकनीक को बहुत तेजी से अपग्रेड किया है। डीएफ-41 को इसका सबसे शक्तिशाली आईसीबीएम माना जाता है, जिसकी रेंज 15,000 किलोमीटर है। ये मिसाइलें चीन से अमेरिका को भी निशाना बना सकती हैं।
4. उत्तर कोरिया: विश्व के लिए टेंशन
भले ही उत्तर कोरिया की आर्थिक स्थिति कमजोर हो, लेकिन इसकी मिसाइल क्षमता किसी भी बड़े देश के लिए खतरे की घंटी है। ह्वासोंग-17 नामक आईसीबीएम की रेंज 15,000 किलोमीटर तक मानी जाती है, जिससे अमेरिका पर हमला संभव है।
5. ब्रिटेन: प्रभावी शक्ति
ब्रिटेन के पास सीमित मिसाइल तकनीक है, लेकिन यह बेहद प्रभावी है। यह अमेरिका की ट्राइडेंट II डी5 मिसाइल प्रणाली का उपयोग करता है, जिसे उसकी पनडुब्बियों से लॉन्च किया जाता है। इसकी रेंज करीब 12000 किलोमीटर बताई जाती है।
6. फ्रांस: स्वतंत्र परमाणु ताकत
फ्रांस के पास एम51 नामक बैलिस्टिक मिसाइलें हैं, जो पनडुब्बियों से परमाणु हथियार लॉन्च करने की क्षमता रखती हैं। इसकी रेंज 12000 किलोमीटर है। फ्रांस की नीति पूरी तरह से आत्मनिर्भरता पर आधारित है और वह अपनी परमाणु रणनीति को नाटो से अलग रखता है।
7. भारत: उभरती ताकत
पिछले दो दशकों में भारत की मिसाइल क्षमता में जबरदस्त प्रगति हुई है। अग्नि-V सबसे लंबी दूरी की आईसीबीएम है, जिसकी रेंज 5,000-7,000 किलोमीटर है। इसके अलावा भारत कई अन्य तरह की मिसाइल तकनीक भी विकसित कर रहा है।