India News (इंडिया न्यूज), Delhi Weather on Holi: दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में कल से 3 दिन तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 6 से 7 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों पर भी देखने को मिलेगा। इसके असर से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में तीन दिन तक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान पर ऊपरी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी बन रहा है। इसके असर से उत्तर भारत के राज्यों में मौसम बदलेगा। दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश होगी। कुछ जगहों पर थोड़ी भारी बारिश भी हो सकती है।
तापमान में गिरावट- ओलों की आहट
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के इलाकों में 13 और 14 मार्च को गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के कारण तापमान में कमी आएगी। दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर, यूपी में हल्की बारिश और पंजाब, हरियाणा में भारी बारिश के आसार हैं। यहां ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसलिए होली पर हल्की ठंड और कंपकंपी का अहसास हो सकता है।
13 मार्च से 18 मार्च तक अधिकतम तापमान
13 मार्च को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। 16 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। आईएमडी के अनुसार 17 और 18 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।