India News (इंडिया न्यूज), Viral Video: शादियों का सीजन शुरू होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। इनमें से कुछ चुटीले मजाक वाले वीडियो होते हैं तो कुछ शर्मनाक भी होते हैं। विवादित वीडियो की इसी कड़ी में एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दूल्हा-दुल्हन के इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, पूरा मामला बिहार के नवादा जिले का है, जहां पुलिस विभाग में तैनात एक एसआई और महिला कांस्टेबल ने प्रेम विवाह कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मुंगेर के धरहरा गांव के इंस्पेक्टर सचिन कुमार और कटिहार के कुर्सेला की रहने वाली महिला कांस्टेबल ने प्रेम विवाह किया था। महिला कांस्टेबल और इंस्पेक्टर दोनों एक ही थाने में तैनात थे। दोनों ने शोभनाथ मंदिर में सादे तरीके से शादी कर ली। पुजारी और सिंदूरदान के सामने फेरे लेने के बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि, इंस्पेक्टर ने गुस्से में आकर महिला कांस्टेबल को थप्पड़ मार दिया। यह सब मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के सामने हुआ। महिला कांस्टेबल को थप्पड़ मारने की घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया।
महिला कांस्टेबल ने उच्च अधिकारियों से की शिकायत
महिला कांस्टेबल ने तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। साथ ही लिखित शिकायत भी दर्ज कराई। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर एसपी अभिनव धीमान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सब इंस्पेक्टर सचिन कुमार को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि पत्नी को थप्पड़ मारकर पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। इसलिए सब इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई है। पुलिस अधिकारी द्वारा अपनी ही पत्नी के साथ किए गए इस दुर्व्यवहार की लोग निंदा कर रहे हैं।