India News (इंडिया न्यूज), People Are Leaving Their Religion: भारत देश में आए दिन धर्म के नाम पर अक्सर विवाद होते रहते हैं। यहां धर्म परिवर्तन को लेकर भी सवाल उठते रहते हैं। लेकिन प्यू रिसर्च सर्वे की मानें तो धर्म परिवर्तन इस समय दुनिया में एक बड़ा मुद्दा है। इस सर्वे में जो आंकड़े सामने आए हैं, वे वाकई चौंकाने वाले हैं। इसके मुताबिक, धर्म परिवर्तन करने वाले या नास्तिकता की ओर बढ़ने वाले लोगों में ज्यादातर बौद्ध और ईसाई हैं। आइए इसे थोड़ा विस्तार से समझते हैं।
कितने लोगों पर किया गया सर्वे
दुनिया भर के कई देशों में कुल वयस्कों में से हर पांचवां या उससे ज्यादा व्यक्ति उस धर्म को छोड़ चुका है जिसमें वह पैदा हुआ और पला-बढ़ा है। अमेरिका के वाशिंगटन स्थित थिंक प्यू रिसर्च सेंटर के सर्वे की मानें तो बौद्ध और ईसाई धर्म के लोगों को खास तौर पर इस धर्म परिवर्तन की वजह से बहुत नुकसान हुआ है। यह सर्वे 36 देशों के 80,000 वयस्कों पर किया गया है, जिसमें पता चला है कि ऐसे लोगों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है जो किसी भी धर्म को नहीं मानते या जिनका किसी भी धर्म से कोई संबंध नहीं है।
भारत में हिंदुओं की क्या स्थिति
सर्वेक्षण में यह भी पता चला कि दक्षिण कोरिया में करीब 50 प्रतिशत लोग वयस्क होने पर अपना धर्म छोड़ देते हैं। इस मामले में हिंदू और मुसलमानों की स्थिति थोड़ी बेहतर है, क्योंकि उनका प्रतिशत थोड़ा कम है। शोध रिपोर्ट की मानें तो भारत और बांग्लादेश में हिंदुओं का धर्म परिवर्तन नगण्य है। लेकिन हिंदू धर्म छोड़ने वालों की संख्या अमेरिका में सबसे ज्यादा है। भारत या किसी अन्य देश से अमेरिका गए 18 प्रतिशत लोगों ने अपना धर्म बदलकर ईसाई धर्म अपना लिया या फिर वे खुद को नास्तिक कहलाना पसंद करते हैं।
किस देश के लोग ईसाई धर्म छोड़ रहे
दूसरी ओर, श्रीलंका में 11 प्रतिशत हिंदू ऐसे थे जिन्होंने अपना धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना लिया। लेकिन अगर भारत समेत अन्य देशों का सर्वेक्षण करें तो अपना धर्म छोड़ने वाले हिंदुओं की संख्या ईसाई और बौद्धों से थोड़ी कम है। अधिकांश हिंदू और मुसलमान अभी भी अपने जन्म के धर्म पर ही कायम हैं। हिंदू धर्म छोड़ने वालों और उसमें शामिल होने वालों की संख्या भी कम है। वहीं नीदरलैंड, स्पेन, कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका और स्वीडन जैसे देशों में ईसाई धर्म के लोग तेजी से अपना धर्म छोड़ रहे हैं। इस धर्म से जुड़ने वाले लोग भी कम हैं।
आंकड़े चौंका देंगे आपको
अगर धर्म छोड़ने वाले लोगों के आंकड़ों पर गौर करें तो वे वाकई हैरान करने वाले हैं। कनाडा में 29 फीसदी लोग ईसाई धर्म छोड़ चुके हैं। ब्रिटेन और फ्रांस में यह आंकड़ा 28 फीसदी, अमेरिका में 22 फीसदी, स्वीडन और नीदरलैंड में 30 फीसदी लोगों का धर्म से मोहभंग हो चुका है। इनमें से ज्यादातर लोग नास्तिक कहलाना पसंद करते हैं। वहीं जापान और दक्षिण कोरिया में भी बौद्ध धर्म के प्रति आस्था कम हो रही है। दक्षिण कोरिया में यह आंकड़ा 50 फीसदी तक पहुंच गया है।