India News (इंडिया न्यूज), Meerut Amit snake bite news: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सांप ने 25 वर्षीय युवक का इस तरह पीछा किया कि उसे 10 बार डसा, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हैरान करने वाली और रहस्यमयी बात यह है कि 10 बार डसने के बाद भी सांप युवक के शव के पास ही बैठा रहा। सुबह जब परिजनों ने यह नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए और परिजनों में कोहराम मच गया। जब खबर गांव में फैली तो हर और सनसनी छा गई, रोना धोना मच गया।
आखिर क्या है पूरी घटना?
यह घटना जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव की है। यहां रहने वाला अमित (25) मजदूरी करता था। शनिवार को भी वह काम पर गया था और शाम को घर आया, रोजाना की तरह खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया। लेकिन, उसे नहीं पता था कि आज के बाद वह कभी नहीं उठेगा, उसकी मौत कमरे में उसका इंतजार कर रही है। सुबह जब परिजन उसे जगाने आए तो युवक की मौत हो चुकी थी। शव को हिलाने पर पता चला कि उसके नीचे सांप बैठा हुआ था।
सांप ने 10 बार डसा
परिवार के लोगों ने सांप को पकड़ लिया और युवक को तुरंत अस्पताल ले गए। उसके शरीर पर 10 निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि सांप ने उसे 10 बार डसा था। बताया जा रहा है कि सांप पूरी रात उसके शव के नीचे बैठा रहा। अमित अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और उसके 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।