India News (इंडिया न्यूज), Murshidabad Violence Viral Video: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ कानून के विरोध में भड़की हिंसा ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। हिंदुओं के घरों को आग के हवाले किया जा रहा है। दुकानों में आग लगाई जा रही है। हिंसा की भयावह तस्वीर देखकर लोगों को पलायन करने के लिए मजबूत होना पड़ रहा है। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों द्वारा पलायन किया जा रहा है। सभी के चेहरे पर सिकन नजर आ रही है। आखिर हिंसा कितनी भयावह थी कि, लोगों को अपना घर द्वार तक छोड़कर जाना पड़ रहा है।
500 परिवारों ने किया पलायन
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ कानून के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन ने हिंसक रूप धारण कर लिया था। जिसके बाद लोगों को अपने घरों से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। शुक्रवार और शनिवार को विरोध के नाम पर हिंसा, आगजनी और लूटपाट का ऐसा तांडव मचा कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए गांव छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। इस हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। शमशेरगंज और धुलियान जैसे हिंसा प्रभावित इलाकों से भागकर आए करीब 500 परिवारों ने मालदा जिले के वैष्णवनगर पारलाल हाई स्कूल में शरण ली है।
स्थिति पर नजर रख रही है पुलिस
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हाल ही में हुई अशांति के दौरान कई लोग अपना घर छोड़कर पड़ोसी जिले मालदा में शरण लेने को मजबूर हुए थे। हिंसा और भय के कारण लोग पलायन करने लगे थे, लेकिन जैसे-जैसे स्थिति सुधर रही है, वे अब वापस लौट रहे हैं। इस संबंध में कानून-व्यवस्था पर नजर रखने वाले बंगाल पुलिस के एडीजी जावेद शमीम ने कहा कि अब पुलिस की सुरक्षा में लोगों को वापस लौटने में मदद की जा रही है।
अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) जावेद शमीम ने कहा, “मुर्शिदाबाद के कई गांवों में लोग पहले ही लौट चुके हैं। राज्य पुलिस के निर्देश और सुरक्षा में और लोग वापस लौट रहे हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी मुर्शिदाबाद में मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं।”