India News (इंडिया न्यूज), NASA: नासा अपनी खोजों की वजह से पूरी दुनिया में मशहूर है। एक बार फिर नासा ने बहुत बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 1,110 फीट का विशालकाय क्षुद्रग्रह 2003 MH4 24 मई को पृथ्वी के बेहद करीब से गुजरेगा। यह इतना विशाल है कि इसे खतरनाक क्षुद्रग्रहों की श्रेणी में रखा गया है। अंतरिक्ष एजेंसी के मुताबिक, 150 मीटर (492 फीट) से बड़े आकार की कोई भी वस्तु खतरनाक कहलाती है। हालांकि, यह क्षुद्रग्रह पृथ्वी से 6.68 मिलियन किलोमीटर की दूरी से गुजरेगा। अभी इसके पृथ्वी से टकराने का कोई खतरा नहीं है, फिर भी वैज्ञानिक इस पर नजर बनाए हुए हैं।
किस समूह का हिस्सा है क्षुद्रग्रह?
आपको बता दें कि यह क्षुद्रग्रह अपोलो समूह का हिस्सा है। ऐसा कहा जाता है कि ये क्षुद्रग्रह पृथ्वी की कक्षा को पार करते हैं। अब तक 21,000 से अधिक अपोलो क्षुद्रग्रहों की खोज की जा चुकी है। नासा लगातार ऐसे क्षुद्रग्रहों पर नजर रखता है ताकि अगर पृथ्वी से किसी भी तरह के टकराव की स्थिति बनती है तो समय रहते तैयारी की जा सके। हाल ही में कई अन्य क्षुद्रग्रह चर्चा में रहे। अपोफिस पहला ऐसा क्षुद्रग्रह था जिसके वर्ष 2029 में ग्रह से टकराने की आशंका जताई गई थी। जिसके बाद वैज्ञानिकों को इसके खतरे का अंदाजा हुआ।
धरती से टकराया क्षुद्रग्रह तो क्या होगा?
इसके अलावा आपको बता दें कि दूसरा क्षुद्रग्रह जिसे खतरे के तौर पर देखा गया वो 2024 YR4 था। अनुमान लगाया गया था कि ये वर्ष 2032 में पृथ्वी से टकराएगा। जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप (JWST) ने इस क्षुद्रग्रह के बारे में और अधिक जानने के लिए इस वर्ष अप्रैल में इसका अवलोकन किया था। जिसके बाद पाया गया कि ये चंद्रमा के पास से गुजर सकता है और उसे प्रभावित कर सकता है। विऑन की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में अलार्म बजाने वाला एक और क्षुद्रग्रह 656 फीट 2025 FA22 खोजा गया था। इसके पृथ्वी से टकराने का अनुमान है, हालांकि यह 19 सितंबर 2089 से पहले नहीं होगा। पृथ्वी से टकराने की संभावना भी सिर्फ 0.01 प्रतिशत है।