India News (इंडिया न्यूज),  Nihar Sachdeva: बालों को सुंदरता की पहचान माना जाता है, लेकिन क्या बिना बालों के कोई लड़की खूबसूरत नहीं हो सकती? समाज के इस सोच को तोड़ते हुए डिजिटल क्रिएटर नीहार सचदेवा ने दिखाया कि असली सुंदरता आत्मविश्वास में होती है, न कि बालों में। लोग कभी उन्हें “गंजी लड़की” कहकर चिढ़ाते थे, लेकिन जब वे लाल जोड़े में दुल्हन बनीं, तो देखने वाले दंग रह गए। उनकी खूबसूरती देखकर लोगों को यकीन ही नहीं हो रहा था। निहार इतनी सुंदर दिख रही थीं मानों चाँद खुद जमीन पर उतर आया हो।

कौन हैं निहार सचदेवा?

नीहार सचदेवा एक डिजिटल क्रिएटर हैं। निहार एलोपेसिया एरीटा नामक बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण उनके बाल बचपन में ही झड़ गए थे। शुरुआत में परिवार ने उन्हें विग पहनने के लिए प्रेरित किया, लेकिन उन्होंने खुद को बिना किसी झिझक के अपनाया और विग पहनने से इनकार कर दिया। उनका मानना है कि खूबसूरती सिर के बालों में नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मस्वीकृति में होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने खुद को दुनिया के सामने वैसे ही प्रस्तुत किया जैसे वे हैं।

सैफ अली खान के शहजादे की डेब्यू फिल्म का पहला लुक आया सामने, देख कर क्रेजी हुए फैंस

दुल्हन बना देख ठहरी सबकी निगाहें

19 जनवरी 2025 को, नीहार सचदेवा ने अरुण वी गणपति से शादी की। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जहां लोग उनकी आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की तारीफ करते नहीं थक रहे। नीहार ने पारंपरिक लाल रंग का लहंगा पहना था, जिसमें बारीक कढ़ाई, पर्ल, स्टोन और सीक्वेंस से बनी खूबसूरत डिजाइन थी। उनका ब्लाउज भी हैवी एम्ब्रॉयडरी से सजा हुआ था, जो उनके लुक को और भी शाही बना रहा था। नीहार ने अपने इस खास दिन के लिए हल्का लेकिन खूबसूरत दुपट्टा कैरी किया था जिसकी बॉर्डर पर बारीक कढ़ाई थी। उनके इस अनोखे और आत्मविश्वास से भरे लुक को देखकर दूल्हे अरुण भी दंग रह गए। उन्होंने बिना विग के अपने असली रूप में शादी की, जिससे उन्होंने यह संदेश दिया कि सुंदरता किसी बाहरी चीज की मोहताज नहीं होती।

TheBaldBrownBride अभियान से मिला आत्मविश्वास

नीहार इससे पहले भी अपने गंजेपन को नॉर्मल बनाने के लिए TheBaldBrownBride नामक अभियान का हिस्सा रह चुकी हैं। इस अभियान के तहत उन्होंने एक दुल्हन के रूप में अपने लुक को गर्व से दिखाया था। उस समय भी उन्होंने एक लाल रंग का लहंगा पहना था, जिसमें गोल्डन जरी वर्क किया गया था। उन्होंने मांग टीका पहनकर अपने गंजे सिर को आत्मविश्वास से फ्लॉन्ट किया था, जिससे उन्होंने ब्राइडल फैशन को एक नई दिशा दी।

बदली खूबसूरती की परिभाषा

जब नीहार ने अपनी शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए, तो लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने लायक थीं। जो लोग पहले मजाक उड़ाते थे, वे भी उनकी हिम्मत और आत्मविश्वास की सराहना करने लगे। कई महिलाओं ने उनकी इस पहल से प्रेरणा ली और आत्मस्वीकृति की दिशा में कदम बढ़ाया। नीहार की कहानी इस बात का प्रमाण है कि असली सुंदरता आत्मविश्वास में होती है। उन्होंने साबित कर दिया कि समाज के बनाए सांचों से बाहर निकलकर भी एक लड़की खूबसूरत और आत्मनिर्भर हो सकती है। उनकी शादी न सिर्फ एक यादगार पल थी, बल्कि उन सभी के लिए एक प्रेरणा बन गई जो अपनी शारीरिक बनावट को लेकर असहज महसूस करते हैं। नीहार सचदेवा की यह अनोखी शादी उन सभी के लिए एक मजबूत संदेश है जो यह सोचते हैं कि बालों के बिना कोई लड़की सुंदर नहीं हो सकती। उन्होंने न सिर्फ लोगों की सोच बदली, बल्कि यह भी दिखाया कि असली खूबसूरती आत्मसम्मान और आत्मविश्वास में होती है।

गिरवी रखा घर, करोड़ों का लिया कर्जा…Emergency बनाकर कंगाल हुईं कंगना! लागत का आधा भी नहीं वसूल पाई फिल्म