India News (इंडिया न्यूज), Woman Forces Mother on Deathbed to Sign Will: कई बार हमारे समाज में कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती हैं जो हमें सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि क्या वाकई में ये इंसान की खाल में इंसान ही हैं या फिर कुछ और! बात यह है कि एक बेटी ने अपनी मरती हुई मां के साथ जो कुछ किया वो बेहद चौंकाने वाला है और उसकी करतूत जानने के बाद लोग भड़के हुए हैं। आरोप है कि महिला ने अपनी मरती हुई मां से अपने भाई को संपत्ति से बेदखल करने के लिए वसीयत पर दस्तखत करने के लिए मजबूर किया। लेकिन एक वीडियो ने महिला का पूरा खेल बिगाड़ दिया।
ये दिल दहला देने वाली कहानी ब्रिटेन की है। मां की मौत के बाद उसकी संपत्ति को लेकर उसके बच्चों के बीच कानूनी लड़ाई छिड़ गई है। कोर्ट ने वीडियो के आधार पर वसीयत को अवैध घोषित कर दिया है। क्लिप में बेटी को मां से वसीयत पर जबरन दस्तखत करवाते हुए दिखाया गया है।
बेटे को छोड़ बेटी के नाम हो गई सारी संपत्ति, हुआ शक
द स्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 76 वर्षीय मार्गरेट बेवरस्टॉक ने अपनी मौत से पहले मार्च 2021 में एक वसीयत पर दस्तखत किए थे, जिसमें उन्होंने अपनी सारी संपत्ति बेटी लिसा के नाम कर दी थी, जिससे उनके बेटे जॉन को संपत्ति से वंचित कर दिया गया था। जॉन ने इसका विरोध किया और तर्क दिया कि उनकी मां मानसिक रूप से इतनी कमजोर हो गई थीं कि उन्हें बिल्कुल भी समझ नहीं आ रहा था कि वो क्या कर रही हैं।
मरती मां को किया गया मजबूर
जॉन ने दावा किया कि उनकी मरती हुई मां को वसीयत पर दस्तखत करने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने सबूत के तौर पर वीडियो पेश किया और कहा कि इसमें देखा जा सकता है कि उनकी मां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते समय कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पा रही थीं।
सेंट्रल लंदन काउंटी कोर्ट ने पाया कि मार्गरेट की मृत्यु बिना वसीयत के हुई, यानी उनके पास कोई वैध वसीयत नहीं थी। नतीजतन, उनकी 7,00,000 पाउंड (यानी करीब 8 करोड़ रुपये) की संपत्ति जॉन और लिसा के बीच बराबर-बराबर बांटी जाएगी। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि मार्गरेट वसीयत पर हस्ताक्षर करने के लिए मानसिक रूप से सक्षम नहीं थी। उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया था।