India News (इंडिया न्यूज), Marriage market: धीरे-धीरे लोगों की जीवनशैली व्यस्त होती गई। लोगों के पास अपनी नौकरी के अलावा किसी और चीज़ के लिए समय नहीं था। ऐसे में उनका अपने समाज से संपर्क टूटने लगा। इस वजह से लोग शादी के लिए ऑनलाइन वेबसाइट का सहारा लेने लगे। अपने भारत में ही इन दिनों मैट्रिमोनियल साइट्स का चलन है, वहीं चीन इन सबसे दो कदम आगे है। आपने डेटिंग ऐप या शादी के लिए बनी साइट्स तो देखी ही होंगी, लेकिन चीन में तो एक पार्क में रिश्ते मिल रहे हैं।
जी हां, हम बात कर रहे हैं चीन के चेंगदू पार्क की, जहां लोग अपने बच्चों के लिए परफेक्ट पार्टनर खोजने आते हैं। यहां आपको कई लड़के-लड़कियों के बायोडाटा टंगे हुए मिल जाएंगे। लोग अपनी ज़रूरत के हिसाब से अपना पार्टनर चुनते हैं। अगर उन्हें कोई पसंद आ जाए तो बात तय हो जाती है।
यहां बनती हैं जोड़ियां
जिस पार्क की हम बात कर रहे हैं उसका नाम रेनमिन गोगयुआन है। इसे चेंगदू का पीपुल्स पार्क भी कहा जाता है। इस पार्क में कई लोगों ने शादी की है। यहां लड़के-लड़कियों की प्रोफाइल कागज पर छपवाकर लकड़ी के खंभों से बांधी जाती है। लड़कियों की प्रोफाइल गुलाबी कागज पर और लड़कों की प्रोफाइल नीले कागज पर छपवाई जाती है। माता-पिता अपने बच्चों के लिए परफ़ेक्ट मैच की तलाश में यहां आते हैं। इस पार्क में अब तक कई लोगों के रिश्ते शादी में बदल चुके हैं।
लड़का-लड़की की हर छोटी-बड़ी जानकारी मिलती है
इस पार्क में टंगे बायोडाटा में हर डिटेल दी गई है। इसमें दूल्हा-दुल्हन की तस्वीर भी होती है। बायोडाटा पढ़ने के बाद जब सामने वाले की दिलचस्पी बढ़ती है तो वह दिए गए नंबर पर संपर्क करता है और रिश्ते की बात आगे बढ़ाता है। चीन में इस पार्क का क्रेज बढ़ता जा रहा है। हर गुजरते दिन के साथ यहां लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। दरअसल, चीन के युवा अपनी नौकरी और करियर में इतने व्यस्त हो गए हैं कि उनके पास रोमांस और शादी के लिए पार्टनर तलाशने का समय ही नहीं है। ऐसे में अब उनके माता-पिता उन्हें इस तरह से तलाश रहे हैं।