India News (इंडिया न्यूज), Weather Report: मौसम विभाग ने फरवरी महीने के लिए देश के सभी हिस्सों का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि, दिसंबर और जनवरी में सामान्य से अधिक ठंड रहने के बाद फरवरी में भारी बारिश का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर, मध्य भारतीय भागों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है। वहीं, कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, भारत में फरवरी के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि जनवरी 2024 के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में 3.1 मिमी के साथ बारिश 1901 के बाद दूसरी सबसे कम बारिश थी। उत्तर भारत, जिसमें सात मौसम संबंधी उप-मंडल हैं, में फरवरी में सामान्य से अधिक वर्षा होने की भविष्यवाणी की गई है।

इन राज्यों में होगी बारिश

महापात्र ने कहा, फरवरी के दौरान पूरे देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार, पूर्वोत्तर, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक और दक्षिण प्रायद्वीप में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इसके मुताबिक, देश के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।

कई हिस्सों में ठण्ड से राहत

आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम, पश्चिम मध्य, उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में फरवरी में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान की भविष्यवाणी की है। विभाग ने कहा कि प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य और सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है।

शीत लहर में आएगी कमी

आईएडी का कहना है कि, फरवरी के दौरान मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम शीत लहर वाले दिन रहने की संभावना है। महापात्र ने कहा कि अधिकांश मॉडल जुलाई-सितंबर के आसपास ला नीना स्थितियों का संकेत देते हैं, जो भारतीय दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल माने जाते हैं।

ये भी पढ़े-