कोहरे की सफेद चादर में गायब हुआ ताजमहल, विजिबिलिटी बेहद कम होने से पर्यटक परेशान
Agra Dense Fog
India News (इंडिया न्यूज़),Agra Dense Fog: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बर्फीली हवाओं के बीच तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार सुबह आगरा में घना कोहरा देखने को मिला। दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक ताजमहल भी कोहरे की सफेद चादर में गायब हो गया। ऐसा लग रहा था मानो कोहरे ने ताजमहल को अपने आगोश में ले लिया हो। थोड़ी दूरी से भी ताजमहल ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है।
कई जिलों में घना कोहरा छाया
शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। मोहब्बत की नगरी में ताजमहल देखने के लिए दूर-दूर से आए पर्यटकों को भी काफी निराशा का सामना करना पड़ा। आगरा में घने कोहरे के कारण ताजमहल भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है। ताजमहल को देखकर ऐसा लग रहा है मानो कोहरे में कहीं गायब हो गया हो।
आज सुबह मेहताब बाग पहुंचे पर्यटक ताजमहल का दीदार नहीं कर सके। घने कोहरे में विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। घने कोहरे का असर आगरा में आवाजाही पर भी दिख रहा है। आगरा में पिछले 24 घंटे में तापमान में और गिरावट आई है।
आगरा में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक आगरा में मौसम ऐसा ही रहेगा।
सुबह और शाम को घना कोहरा देखने को मिलेगा। 6 जनवरी के आसपास एक बार फिर बादल छाने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की बौछारें देखने को मिल सकती हैं। ठंड के बढ़ते कहर के बीच कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। आगरा में 14 जनवरी तक छुट्टियां घोषित की गई हैं।