India News (इंडिया न्यूज)Aligarh Mob Lynching: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मॉब लिंचिंग के मामले में पुलिस एक्शन मोड में है। पुलिस ने हिंदूवादी संगठन से जुड़े एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इनमें से तीन नामजद- विजय गुप्ता, विजय बजरंगी और लवकुश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। आइए जानते हैं पूरी कहानी…
सांसद खेल प्रतियोगिता का समापन, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल नेताओं को दी बड़ी सीख, कहा – खेल में कभी राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि…जानें आगे क्या बोले मनोहर लाल
जानिए पूरा मामला?
बता दें कि 25 मई को अलीगढ़ के अलहदादपुर में खुद को गौरक्षक कहने वाले हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने कदीम, अली और अरबाज समेत चार युवकों की बेरहमी से पिटाई की थी। साथ ही उनके ट्रक को आग के हवाले कर दिया था। कथित गौरक्षकों का आरोप था कि युवक अपने वाहन में प्रतिबंधित मांस ले जा रहे थे।
अगर पुलिस बल देरी से पहुंचता तो खून से लथपथ पीड़ितों की जान जा सकती थी। कथित गौरक्षकों ने घायल युवकों को मौके से ले जाने से रोकने की भी कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का बहाना बनाकर किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर दूसरे वाहन में बैठाया और अस्पताल पहुंचाया।
जांच में ये बात सामने आई
फिलहाल जांच में पता चला है कि पिछले शनिवार को हिंसक भीड़ का शिकार बने युवक मीट व्यापारी थे और उनके पास वैध लाइसेंस भी था। वे अल-तबारक मीट फैक्ट्री से मीट ला रहे थे। उनके पास से फैक्ट्री की रसीद भी मिली है। जांच में यह भी पता चला है कि मीट व्यापारियों पर हमला अचानक नहीं हुआ था। इस हमले की पहले से योजना बनाई जा रही थी। मीट ले जा रहे वाहन पर 50 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने के लिए हमला किया गया था। इससे पहले उसका पीछा किया गया।
जानकारी के मुताबिक अलीगढ़ पुलिस को अलहदादपुर स्टेडियम के पास दंगे की खबर मिली थी। जब फोर्स मौके पर पहुंची तो पुलिसकर्मियों ने देखा कि गुस्साई भीड़ ने चार युवकों को घेर रखा था, जिसमें से 3 गंभीर रूप से घायल युवक एक प्लॉट की दीवार से टिककर बैठे थे और चौथा पीआरवी वाहन के पास लेटा हुआ था। भीड़ ने दीवार के पास लहूलुहान हालत में पड़े युवकों को घेर रखा था, जबकि पीआरवी के सिपाही किसी तरह घायल युवक को बचा रहे थे।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें 13 नामजद और 20-25 अज्ञात आरोपी हैं। आज तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक नामजद आरोपी फरार है। पूरा मामला जिले के हरदुआगंज थाना क्षेत्र का है।