India News (इंडिया न्यूज़),Baghpat Accident Update: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से हाथरस जैसा दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बागपत जिले के बड़ौत में बड़ा हादसा हुआ है। यहां आयोजित जैन समाज के एक कार्यक्रम में लकड़ी का मचान गिर गया। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसके नीचे दब गए। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 80 श्रद्धालु घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोग घायलों को ई-रिक्शा और ठेलों पर ले जाते नजर आए। कुछ ही देर में एंबुलेंस के सायरन से इलाका गूंज उठा। हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
बागपत हादसे का प्रशासन ने संभाला मोर्चा
ई-रिक्शा और ठेले पर लिटाकर घायलों को भेजा अस्पताल
बागपत हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 80 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 20 को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी का इलाज चल रहा है। डीएम अस्मिता लाल ने बताया कि यह कार्यक्रम 30 साल से चल रहा है। 40 लोग घायल हैं, 7 लोगों की मौत हो चुकी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। यह जैन समुदाय का कार्यक्रम था। स्थिति नियंत्रण में है।
उधर, बागपत जिले में हुए इस हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।