India News ( इंडिया न्यूज़),Baghpat Incident News: उत्तर प्रदेश के बागपत से बड़ी खबर आई है। यहां मंगलवार सुबह भगवान आदिनाथ के निर्वाण लाडू महोत्सव के अवसर पर मान स्तंभ परिसर में बना लकड़ी का चबूतरा ढह गया। इससे उसके नीचे दबकर 80 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर भगदड़ मच गई। साथ ही भगदड़ को नियंत्रित कर रहे 7 पुलिसकर्मी भी इसमें घायल हुए हैं। बड़ौत नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधी रोड पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है।

80 से अधिक लोग घायल

घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। डीएम अस्मिता लाल और एसपी अर्पित विजयवर्गीय अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ले रहे हैं। 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था जानकारी के अनुसार श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान में बने मान स्तंभ का मंच गिरने से 80 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। आज यहां निर्वाण महोत्सव के तहत धार्मिक कार्यक्रम होना था, यहां 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। इसकी सीढ़ियां टूट गईं। इससे 80 से अधिक श्रद्धालु उसके नीचे दब गए और भगदड़ मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बचाव कार्य जारी है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद हैं।

सीएम योगी ने घटना पर जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत जिले में हुई घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

अधिक वजन के कारण मचान ढह गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयोजकों ने इसके लिए 65 फीट ऊंचा लकड़ी का मंच बनाया था। ऊपर भगवान की 4-5 फीट ऊंची प्रतिमा रखी गई थी। श्रद्धालु भगवान तक पहुंचने के लिए मचान की सीढ़ियां चढ़ रहे थे। इसी दौरान वजन अधिक होने के कारण पूरा मचान ढहकर नीचे गिर गया। मौके पर चीख पुकार मच गई। मचान के नीचे दबे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। बाकी लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। यह दृश्य बहुत दर्दनाक था।