India News (इंडिया न्यूज), BJP camp office bulldozed: उत्तर प्रदेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार काफी समय से बुलडोजर चला रही है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को लोग बुलडोजर बाबा भी कहते हैं। बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर कई बार विवाद भी हो चुके हैं। हालांकि यूपी के बलिया से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीजेपी कैंप कार्यालय पर ही बुलडोजर चला दिया गया है। जिला प्रशासन ने बीजेपी जिला उपाध्यक्ष के कैंप कार्यालय को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया है।
बीजेपी नेता ने जताई नाराजगी
कार्यालय पर बुलडोजर की कार्रवाई से बलिया बीजेपी जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह काफी निराश नजर आए। उन्होंने कहा- हमें तो अपनों ने ही लूटा, बाहरी लोगों की कोई औकात नहीं थी। बीजेपी जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने भी जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यालय गिराए जाने पर उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं से मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालय को गिरवाया- पार्टी उपाध्यक्ष
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भड़क गए और कहा- सपा सरकार में लोकतंत्र था, भाजपा में लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा का कैंप कार्यालय गिरवाया है। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सपा और बसपा दोनों सरकारों में हमारा कार्यालय गिराया गया था, लेकिन हमने विरोध करने के बाद अपना कार्यालय फिर से बनाया। कई सालों से भाजपा की रणनीति यहीं से तय होती है और चुनाव लड़े जाते हैं, लेकिन आज इसे गिराना उचित नहीं था।
संबंध बढ़ाने वाली खाई दवा.. फिर रात में प्रेमी संग रही प्रेमिका, सुबह शव मिलने से दंग हुए लोग
अवैध अतिक्रमण का दिया हवाला
बता दें कि इन दिनों जिला प्रशासन बुलडोजर से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्रवाई कर रहा है। हालांकि इस कार्यालय को भी अधिकारियों ने अवैध अतिक्रमण का हवाला देकर बुलडोजर से जमींदोज कर दिया है।