India News Delhi (इंडिया न्यूज़),Budget session of UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मंगलवार से शुरू हो रहे बजट सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर जमकर हंगामा होने के आसार हैं। सत्र के पहले दिन सुबह 11 बजे राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दोनों सदनों के सदस्यों को संबोधित करेंगी। इसमें वह प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और नीतियों पर चर्चा करेंगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना गुरुवार 20 फरवरी को सदन में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगे।

योगी सरकार का यह 9वां बजट

विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल सपा महाकुंभ हादसा, जातिगत जनगणना, मिल्कीपुर उपचुनाव, संभल हिंसा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा सदस्य विरोध भी जताएंगे, वहीं सत्ता पक्ष भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों के सदस्यों ने भी सपा के आरोपों का जवाब देने के लिए मुद्दे तलाश लिए हैं।

सदन में जनहित के मुद्दे उठाएं, स्वस्थ चर्चा से कराएं प्रदेश का विकास:

योगी बजट सत्र (Budget session of UP Assembly) को लेकर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। नेता सदन ने विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के नेताओं से सदन में जनहित के मुद्दे उठाने और स्वस्थ चर्चा कर प्रदेश में विकास को गति देने में सरकार का सहयोग करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में स्वस्थ चर्चा से प्रदेश का विकास होने के साथ ही जनता की समस्याओं का समाधान भी होता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते सदन में जनता के हित से जुड़े हर मुद्दे पर सुचारू रूप से चर्चा होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सदस्य इस बात का ध्यान रखें कि सदन के संचालन में कोई बाधा न आए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन के लिए सहयोग मांगा। बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के विनोद सरोज आदि मौजूद रहे।