India News (इंडिया न्यूज़),CM Yogi Adityanath : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंबई में आयोजित ‘वर्ल्ड हिंदू इकोनॉमिक फोरम-2024’ में अपने संबोधन के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की। उन्होंने उत्तर प्रदेश की आगामी आर्थिक विकास की दिशा पर जोर दिया, यह बताते हुए कि मार्च 2025 तक उत्तर प्रदेश 32 लाख करोड़ रुपये की इकॉनमी बनने की ओर अग्रसर है।

महाकुंभ 2025 को आस्था और आधुनिकता का प्रतीक बताया

योगी जी ने महाकुंभ 2025 को आस्था और आधुनिकता का प्रतीक बताते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्धि में विरासत और विकास एक-दूसरे के पूरक होंगे।मुख्यमंत्री ने विपक्ष और तथाकथित बुद्धिजीवी वर्ग पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भारत में बहुसंख्यक समाज के हितों की बात होती है तो विपक्ष को बुरा लगने लगता है। उन्होंने देश में समान नागरिक संहिता की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि भारत की जीडीपी में उत्तर प्रदेश का 9.2 प्रतिशत योगदान है।

सीएम योगी ने राहुल गांधी पर भी तंज कसा

सीएम योगी ने राहुल गांधी पर भी तंज कसा और उन्हें ‘अतिज्ञानी’ बताते हुए कहा कि वे ऐसा बयान देंगे कि वेदव्यास जी भी संघ की शाखा में गए होंगे। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में अब पलायन नहीं हो रहा है और देश की श्रम शक्ति को सम्मान और संरक्षण दिया जा रहा है।