India News (इंडिया न्यूज), CM YOGI NEWS: योगी सरकार घरेलू हिंसा और आपदा से प्रभावित महिलाओं के पुनर्वास और उन्हें मुख्यधारा में जोड़ने के लिए पूरे प्रदेश में शक्ति सदन का संचालन शुरू कर रही है। इसके लिए प्रदेश के 10 जिलों का चयन किया गया है। इसमें पीड़ित बेटियों और महिलाओं के पुनर्वास और समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के साथ ही विभिन्न श्रेणियों के तहत उनकी बुनियादी जरूरतों की पूर्ति का काम भी किया जाएगा।
जानें क्या है पायलट प्रोजक्ट
योगी सरकार के इस शक्ति सदन का संचालन मिशन शक्ति की उपयोजना के तहत किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के 10 जिलों में शक्ति सदन संचालित करने की मंजूरी मिल गई है। इसे शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शक्ति सदन में 50 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। इसके लिए आवासीय भवन का चयन किया जा रहा है। यह भवन ऐसी जगह पर होगा जहां जिला मुख्यालय नजदीक हो और वहां तक बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हों।
इन 10 जिलों में दी जाएगी सुविधा
योगी सरकार महिला कल्याण विभाग के तहत प्रदेश के 10 जिलों वाराणसी, अलीगढ़, आजमगढ़, कानपुर नगर, चित्रकूट, झांसी, गोंडा, बस्ती, मिर्जापुर और सहारनपुर में शक्ति सदन संचालित करेगी। शक्ति सदन के संचालन के लिए उपयुक्त आवासीय भवन की तलाश जारी है। सरकार भवन को किराय पर लेगी।
महिलाओं और बेटियों को दी जाएंगी ये सुविधा
संबंधित जिलों में स्वीकृत 50 क्षमता वाले इन भवनों में महिलाओं और बेटियों के रहने की पूरी व्यवस्था होगी। शक्ति सदन में आश्रय, भोजन, वस्त्र, प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शक्ति सदन के सुचारू संचालन के लिए सेवा प्रदाता के माध्यम से 9 कर्मचारियों का चयन जल्द ही किया जाएगा।