India News (इंडिया न्यूज),UP: बढ़ती गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदलने लगा है। यूपी के कई जिलों में स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया गया है। इस संबंध में डीएम की ओर से आदेश जारी किया गया है। आइए जानते हैं प्रदेश के किन जिलों में स्कूलों का समय बदला गया है और स्कूल खुलने का नया समय क्या है।
जिन जिलों में ज्यादा गर्मी है। उन जिलों के जिलाधिकारी अपने स्तर पर तय करेंगे कि स्कूलों का समय बदलना है या नहीं। अभी पूरे प्रदेश में स्कूलों का समय नहीं बदला गया है। प्रयागराज में भीषण गर्मी के चलते सभी बोर्ड के कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। आज बुधवार से सभी स्कूल सुबह 7 बजे खुलेंगे और दोपहर 12 बजे बंद होंगे। डीएम रवींद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
लखनऊ में भी बदला स्कूलों का समय
राजधानी लखनऊ में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। लखनऊ डीएम ने कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:00 बजे बंद होंगे।
इन राज्यों में भी बदला गया स्कूल का समय
गर्मी और भीषण गर्मी के चलते एमपी के कई जिलों में स्कूलों का समय बदल दिया गया है। उज्जैन में 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होंगे।
वहीं, बिहार के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूल सुबह 6:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेंगे। यह आदेश पूरे राज्य में 1 जून तक के लिए जारी किया गया है। पहले स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक था। ओडिशा में भी स्कूलों का समय बदला गया है।