India News (इंडिया न्यूज़),Gorakhpur hookah bar: गोरखपुर में हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा था। मामले में छापेमारी करते हुए पुलिस ने रेशमा खान नाम की महिला समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। होटल को भी सील कर दिया गया है। गोरखपुर शहर में हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक गोरखपुर शहर में कई जगहों पर अवैध रूप से हुक्का बार चलाए जा रहे थे। जहां नशे की हालत में लड़कियों से देह व्यापार कराया जाता था।
फिलहाल पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ऐसे सामने आया, 31 दिसंबर को एक किशोरी पार्टी करने गई थी। लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटी। जिसके बाद लड़की के परिजनों ने रामगढ़ताल थाने में एफआईआर दर्ज कराई और पुलिस ने तलाश कर उसे बरामद कर लिया। वहीं बाद में पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया था। फिलहाल पुलिस ने हुक्का बार को सीज कर दिया है।
8 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया
इसके साथ ही हुक्का बार के संचालक अनिरुद्ध ओझा और होटल के मालिक अनुराग सिंह समेत कुल 8 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। गोरखपुर पुलिस ने देह व्यापार के मामले में दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया है। मामले में गिरफ्तार महिलाओं में से एक का नाम रेशमा खान है। जानकारी के मुताबिक रेशमा करीब 3 साल पहले मुख्य आरोपी अनिरुद्ध ओझा के संपर्क में आई थी। ये लोग भी इंस्टाग्राम और सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। दोस्ती के बाद लड़कियों को मिलने के लिए बुलाते थे। इसके बाद रेशमा खान भोली-भाली लड़कियों को पार्टी करने के बहाने जेनिस बैटल हुक्का बार में लेकर आती थी। फिर यहां से भोली-भाली लड़कियों को फंसाकर देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया जाता था। रेशमा खान इतनी शातिर थी कि वो लोगों को अपना नाम अलग-अलग बताती थी। वो किसी को अपना नाम रेशमा तो किसी को मनीषा बताती थी। रेशमा देह व्यापार के मामले की मुख्य आरोपी भी है।
ऐसे हुई रेशमा खान की गिरफ्तारी
2 जनवरी को रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र में रहने वाली किशोरी से दुष्कर्म के मामले में रेशमा खान का नाम पुलिस के सामने आया था। 31 दिसंबर को रेशमा खान किशोरी को पार्टी करने के बहाने हुक्का बार में ले गई थी। किशोरी के बयान के बाद पुलिस मुख्य आरोपी रेशमा खान की तलाश कर रही थी, तभी से वह फरार थी। कुछ दिन पहले पुलिस को उसकी लोकेशन प्रयागराज में मिली थी, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद था। वह किसी काम से गोरखपुर रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र में आई थी, जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या कहती है पुलिस?
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया है कि किशोरी से दुष्कर्म के मामले में हुक्का बार और होटल को सीज कर दिया गया है। मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, अन्य की तलाश की जा रही है।