India News (इंडिया न्यूज़),Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां दुल्हन शादी के बीच में ही नकदी और जेवर लेकर भाग गई। दुल्हन के साथ उसकी मां भी मौके से गायब थी। इसके बाद दूल्हे ने इंतजार किया, लेकिन दुल्हन वापस नहीं लौटी। दूल्हे का कहना है कि उसने एक व्यक्ति को 30 हजार रुपये देकर रिश्ता तय किया था।
यह है पूरा मामला
यह मामला गोरखपुर के खजनी इलाके का है। यहां एक 40 वर्षीय किसान अपनी दूसरी शादी के लिए रस्में पूरी कर रहा था। उसकी पहली पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। दूल्हा सीतापुर के गोविंदपुर गांव का रहने वाला है। उसने शादी के लिए 30 हजार रुपये देकर मध्यस्थ की मदद से रिश्ता तय किया था। दूल्हे का कहना है कि शादी से पहले उसने दुल्हन को साड़ी और जेवर दिए थे।
उसने शादी में हुए अन्य खर्चे भी दिए। इसके बाद वह शादी करने के लिए अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचा, जहां दुल्हन अपनी मां के साथ मौजूद थी। जैसे ही शादी की रस्में शुरू हुईं, दुल्हन ने शौच जाने का बहाना बनाया और फिर वापस नहीं लौटी। इस दौरान उसकी मां भी गायब हो गई। दूल्हे ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि मैंने अपने परिवार को फिर से बसाने के लिए शादी तय की थी, लेकिन सब कुछ खत्म हो गया। इस मामले को लेकर गोरखपुर के एसपी (दक्षिण) जितेंद्र कुमार ने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत आती है तो पूरी घटना की जांच की जाएगी।