India News (इंडिया न्यूज), UP News: अखिलेश यादव की सरकार के दौरान आजम खान की भैंस गायब होने का मामला काफी चर्चित रहा था। इसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। इसके बाद मेरठ की कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे के साइबर डॉग के गायब होने से हड़कंप मच गया था। अब उसी मेरठ में एक अजगर के गायब होने का मामला सामने आया है।
हैरानी अजगर के गायब होने की खबर से नहीं है। लोग इस बात से हैरान हैं कि जगह-जगह अजगर के गायब होने के पोस्टर लगा दिए गए हैं। अजगर के बारे में सूचना देने वाले को इनाम देने की भी घोषणा की गई है। कहा गया है कि जो भी अजगर के बारे में सूचना देगा उसे 1100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। वन विभाग की टीम अजगर की तलाश में लगी हुई है। दरअसल जागृति विहार सेक्टर-2 इलाके में एक के बाद एक अजगर देखकर लोग हैरान हैं। इसी इलाके में एक सुरंग मिली है, जिसमें अजगर हैं। यहां से पांच दिन में दो अजगर रेस्क्यू किए जा चुके हैं। 30 फीट लंबा अजगर अभी भी सुरंग में है। पूरे इलाके में अजगर को लेकर सनसनी है।
अजगरों की सुरंग को लेकर हर कोई हैरान है। मोहल्ले के लोगों की मानें तो ये अजगर कई जानवरों का शिकार कर चुके थे। वन विभाग की टीम इन्हें पकड़ने में जुटी हुई है। जागृति विहार सेक्टर 2 से 8 फीट और 12 फीट लंबे अजगर पकड़े गए हैं। 30 फीट लंबे अजगर को पकड़ने में वन अमला अब तक नाकाम रहा है। अब तीसरी बार अजगर देखा गया है। जागृति विहार इलाके में विनीत चपराना समेत स्थानीय लोगों ने लापता अजगर की तलाश के लिए पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में अजगर की सूचना देने वाले को 1100 रुपये इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
अजगरों की मौजूदगी पूरे इलाके के साथ-साथ शहर में भी चर्चा का विषय बन गई है। इसके अलावा सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि इस इलाके में अजगरों की संख्या इतनी कैसे बढ़ गई। क्या यहां और भी अजगर छिपे हैं? इस इलाके में जंगली जानवरों की मौजूदगी लोगों के बीच दहशत का पर्याय बन गई है। पहले आया तेंदुआ भी यहीं से चला गया। हाल ही में आया हिरण भी चला गया। वन विभाग की टीम भी इसे नहीं ढूंढ पाई। यहां आए दिन सांप निकलते रहते हैं। हाल ही में कई अजगर और खतरनाक प्रजाति के सांपों को भी रेस्क्यू किया गया है। अब फिर से अजगर दिखने से लोग चिंतित हैं।
महाकुंभ में जाने वाले सावधान! 26 फरवरी तक संगम स्टेशन बंद, प्रयागराज जंक्शन पर भी नहीं आएगी ये ट्रेन