India News (इंडिया न्यूज),UP News: मथुरा में रिफाइनरी थाना क्षेत्र के करनावल गांव में बदमाशों ने दो दुल्हनों के साथ मारपीट की। इसकी जानकारी जब दुल्हन के परिजनों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गए। बदमाशों ने दुल्हन के परिजनों और बारातियों के साथ भी मारपीट की। इससे नाराज बाराती बिना दुल्हन के ही लौट गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस तैनात कर दी। दुल्हनों के पिता की तहरीर पर 15 नामजद व अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने करीब आधा दर्जन हमलावरों को हिरासत में भी लिया है।

थाना प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि करनावल गांव निवासी पदम सिंह की दो बेटियों मनीषा और रानी की शुक्रवार को शादी थी। बारात गोवर्धन के पूंछरी से गांव में आई थी। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों दुल्हनें अपने पिता रंजीत सिंह और बुआ रोशनी के साथ ब्यूटी पार्लर से गांव लौट रही थीं। रास्ते में गांव गऊशाला के पास कार की करनावल निवासी लोकेश, रोहताश और सतीश की बाइक से टक्कर हो गई। इस पर बाइक सवार और कार चला रहे दुल्हन के चाचा के बीच विवाद हो गया। युवकों ने दुल्हन और उसकी चाची को कार से बाहर खींच लिया और मारपीट की। आरोप है कि दुल्हन और उसकी चाची पर कीचड़ भी फेंका गया। हमलावरों ने दुल्हन से शादी की अंगूठी और चाचा के गले से सोने की चेन छीन ली।

दुल्हन के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंच गए। इसी बीच बाइक सवारों ने भी अपने परिजनों को सूचना दे दी। युवकों के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रैक्टर में सवार होकर गऊशाला पहुंच गए। यहां दुल्हन के पिता, रिश्तेदारों और बारातियों के साथ मारपीट की गई। मारपीट में दुल्हन के पिता के सिर में चोट आई है। इसके अलावा कई अन्य लोग भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दुल्हन के पिता की तहरीर पर थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि बाइक की कार से टक्कर लगने को लेकर विवाद हुआ था। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।

सगाई होते ही होटल बुलाने लगी मंगेतर… करने लगी ऐसी डिमांड, जान उड़ जाएंगे होश