India News (इंडिया न्यूज़),Jhansi Viral Video: उत्तर प्रदेश के झांसी में दुल्हन की विदाई के समय ऐसा नजारा देखने को मिला जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। दुल्हन के घर के सामने एक के बाद एक बुलडोजरों की लाइन लग गई। जिसके बाद अपनी दुल्हन को विदा कराकर दूल्हा कार में आगे चला और उसके पीछे कई बुलडोजरों के साथ बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इसे लेकर कई तरह की चर्चा कर रहे हैं।
अक्सर लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए कई तरह के तरीके आजमाते हैं, कोई हेलीकॉप्टर से बारात लेकर आता है तो कोई दूर जाकर डेस्टिनेशन वेडिंग करता है, लेकिन झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में रहने वाले राहुल यादव ने अपनी शादी में कुछ ऐसा किया जिसकी शायद किसी को उम्मीद नहीं थी।
दुल्हन को बुलडोजर से किया विदा
राहुल यादव की शादी 20 फरवरी को हुई थी जिसके बाद 21 तारीख को शुक्रवार की सुबह दुल्हन को विदा किया गया। इस विदाई को खास बनाने के लिए उन्होंने एक दिलचस्प कदम उठाया। जब दुल्हन की विदाई हो रही थी, तभी एक के बाद एक 12 बुलडोजर घर के सामने आकर खड़े हो गए। हर कोई यह देखकर हैरान रह गया कि शादी वाले घर के सामने इतने सारे बुलडोजर क्या कर रहे हैं। जिसके बाद पता चला कि ये बुलडोजर दुल्हन की विदाई के लिए बुलाए गए थे, जिस पर दूल्हे के रिश्तेदार और दोस्त ढोल की थाप पर नाच रहे थे।
अनोखी विदाई को देखकर हर कोई हैरान
दुल्हन को एक कार में आगे-पीछे एक लाइन में 12 बुलडोजर के साथ विदा किया गया। सड़क पर यह नजारा भी चर्चा का विषय बन गया, इस अनोखी विदाई को देखकर हर कोई हैरान था। इस मामले पर राहुल के चाचा राजकुमार ने कहा कि इस समय यूपी में सबसे ज्यादा चर्चा बुलडोजर की हो रही है। हम भी इस शादी को कुछ अलग बनाना चाहते थे। इसलिए हमने दुल्हन को बुलडोजर के काफिले में विदा करने का फैसला किया। इस शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।