पीलीभीत एनकाउंटर के बाद बौखलाया पन्नू
India News (इंडिया न्यूज), UP News: पीलीभीत में खालिस्तानी आतंकवादियों के एनकाउंटर के बाद खालिस्तानी समर्थक गुरुपतवंत सिंह पन्नू बौखला गया है। पन्नू ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वीडियो में उसने 2025 में होने वाले प्रयागराज महाकुंभ को निशाना बनाने की भी धमकी दी।
पुलिस ने साइबर थाने में दर्ज की FIR
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीलीभीत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, वीडियो में हिंदू धर्म और शीर्ष नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। इसके साथ ही महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजन में दहशत फैलाने की साजिश का खुलासा हुआ है पुलिस ने साइबर थाना में पन्नू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांग्रेस ने मलबे से निकाली महात्मा गांधी की प्रतिमा,सरकार पर लगाया अपमान का आरोप
महाकुंभ में सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
पन्नू की धमकी के बाद प्रयागराज महाकुंभ की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। पन्नू का यह कदम न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि देश की एकता और अखंडता को भी चुनौती देने की कोशिश है। पुलिस का कहना है कि पन्नू के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
यह घटना खालिस्तानी आतंकवादियों के बढ़ते हौसलों की ओर इशारा करती है, लेकिन प्रशासन ने पन्नू की धमकियों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।