India News (इंडिया न्यूज़), Lucknow News: नवरात्र पर घरों में होने वाले कन्या पूजन का भी अब राजनीतिकरण होने जा रहा है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने नवरात्र में कन्या पूजन के बड़े आयोजन कराने की तैयारी की है। बीजेपी जहां इसे मंडल स्तर पर कराने की तैयारी कर रही है तो कांग्रेस ने अभी केवल प्रदेश कार्यालय के करीब यह आयोजन कराने की तैयारी की है। बीजेपी ने महिला मोर्चा को कन्या पूजन कराने की जिम्मेदारी दी है तो कांग्रेस की ओर से जिम्मेदारी सेवा दल ने संभाली है।

बीजेपी पूजन के बहाने बताएगी सरकार के काम

बीजेपी ने प्रदेश से मंडल स्तर तक कन्या पूजन कराने के लिए टीम बना दी है। बीजेपी महिला मोर्चा की रीता शास्त्री को इसका संयोजक बनाया गया है। वह बताती हैं कि नवरात्र पर हिंदू घरों में कन्या पूजन होता था। इस बार पार्टी इसे बड़े पैमाने पर आयोजित करेगी।

इसके लिए बीजेपी संगठन के सभी छह क्षेत्रों, 98 संगठनात्मक जिलों और 1918 मंडलों पर संयोजक बनाकर उनकी अगुवाई में एक टीम बना दी गई है। यह टीम पहले मंडल स्तर तक कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी महिला मोर्चा किसी बड़े सभागार या बड़े घरों में यह आयोजन करेगा। एक सम्मेलन में 150-200 कन्याएं बुलायी जाएंगी।

परंपरागत तरीके से पखारे जाएंगे पांव

परंपरागत तरीके से उनके पांव पखारे जाएंगे, साथ ही फल, मिष्ठान और दक्षिणा भी दी जाएग़ी। इस दौरान बीजेपी महिला मोर्चे की महिलाएं भी मौजूद रहेंगी। यह महिलाएं कन्याओं और उनकी माताओं को बताएंगी कि मोदी सरकार ने महिलाओं और कन्याओं के लिए क्या-क्या किया है। वह कहती हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का अभियान शुरू किया था।

घरों में कन्या भ्रूण हत्या न हो, उन्हें भी मान सम्मान मिले, इसके लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी महिलाओं के बीच बड़ा अभियान चलाकर उन्हें ‘अपना’ बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। उसका मानना है कि लोकसभा चुनाव में यही महिलाएं जीत का आधार बनेंगी।

कांग्रेस भी कन्या पूजन से तलाश रही राह

नवरात्र पर यूपी कांग्रेस भी कन्या पूजन कार्यक्रम करने की तैयारी कर रही है। लखनऊ में यूथ कांग्रेस कार्यालय के सामने मंदिर के पास इसका आयोजन किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस सेवादल की तरफ से करवाए जा रहे इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहेंगे। अभी तक कांग्रेस किसी भी धार्मिक आयोजन से बचती आयी है, पर लोकसभा चुनाव से पहले इसे कांग्रेस की साफ्ट हिंदुत्व की छवि को निखारने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

आज होगा कन्या पूजन

इस वजह से इसके सियासी मायने भी तलाशे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि भाजपा के हिंदुत्ववादी अजेंडे से कांग्रेस खुद को पीछे नहीं रखना चाहती है। यही वजह है कि काशी से आने वाले अजय राय की धार्मिक छवि को अधिक विस्तार देते हुए कांग्रेस इस तरह के कार्यक्रम प्लान कर रही है। सूत्रों की मानें तो कन्या पूजन का यह कार्यक्रम 18 अक्टूबर को होगा।

ये भी पढे़: