India News (इंडिया न्यूज़),Mamta Kulkarni: बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को पिछले दिनों महाकुंभ में किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर नियुक्त किया गया था, लेकिन विवाद के बाद उन्होंने सोमवार को महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया। इस बीच ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर का पद देने वाली किन्नर अखाड़े की मां लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर वह इस्लाम में चली जातीं तो धर्म के ये ठेकेदार क्या करते। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि वह किन्नर अखाड़े का हिस्सा थीं और हमेशा रहेंगी।
किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ममता कुलकर्णी के साथ खड़ी नजर आ रही हैं। उन्होंने साफ कहा, ‘ममता कुलकर्णी किन्नर अखाड़े का हिस्सा थीं, हैं और हमेशा रहेंगी।’ उन्होंने कहा कि मैं उनसे बात कर रही हूं। अगर यही ममता इस्लाम में चली जातीं तो धर्म के तथाकथित ठेकेदार क्या करते? तब इस बारे में किसी ने कुछ नहीं कहा।’
महामंडलेश्वर पद से दिया इस्तीफा
दरअसल, ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाने का काफी विरोध हुआ था, किन्नर अखाड़े की एक और महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने इस पर सवाल उठाए थे और डी कंपनी से उनके संबंध और जेल जाने की बात कही थी। वहीं ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उन्हें यह पदवी दिए जाने पर सवाल उठाए थे।
रविवार को महामंडलेश्वर हिमांगी सखी ने मां लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी पर उन पर जानलेवा हमला करने का आरोप भी लगाया था और दावा किया था कि ममता कुलकर्णी का विरोध करने की वजह से उन पर हमला किया गया। इसके बाद जब विवाद बढ़ा तो सोमवार को ममता कुलकर्णी ने खुद ही महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और कहा कि किन्नर अखाड़े में मुझे लेकर विवाद चल रहा है, जिसकी वजह से मैं महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दे रही हूं। मैं 25 साल से साध्वी हूं और आगे भी साध्वी ही रहूंगी।
बता दें कि ममता कुलकर्णी को 24 जनवरी को किन्नर अखाड़े में महामंडलेश्वर बनाया गया था। अखाड़े की आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने उनका पिंडदान और पट्टाभिषेक कराया था। जिसके बाद उन्हें श्रीयामाई ममता नंद गिरि नाम दिया गया।
क्यों नाराज हुए CM Yogi? इन बड़े अधिकारियों को लगाई फटकार; लिया तगड़ा एक्शन