India News (इंडिया न्यूज़),Moradabad Food Poisoning: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक शादी की दावत में हलवा खाना लोगों को महंगा पड़ गया, जिसके चलते 70 से ज्यादा लोग फूड पॉइजनिंग के चलते बीमार पड़ गए। इन लोगों ने शादी की दावत में खाना खाया था, जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ गई और दर्जनों लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत हुई। जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह है पूरा मामला

घटना मुरादाबाद के फरीदनगर के ठाकुर द्वार गांव की बताई जा रही है। यहां राजपाल सिंह के बेटे विपिन कुमार की शादी थी। विपिन सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उनके लिए उत्तराखंड के महुआ खेड़ागंज गांव से बारात आई थी। इस कार्यक्रम में आसपास के गांवों से परिचित और रिश्तेदार आमंत्रित थे। शाम करीब पांच बजे दावत शुरू हुई। दावत में सब्जी, मिठाई, रायता और गाजर का हलवा बनाया गया था। मेहमानों ने दावत खा ली, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

शादी में खाना खाने के बाद पड़े बीमार

शादी में खाना खाने के बाद लोग बीमार पड़ गए। शादी का खाना खाने के बाद दर्जनों लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त के साथ चक्कर आने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कई लोग फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार पड़ने लगे। जिसके बाद बीमार परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी, जिसके बाद वे आस-पास के अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचने लगे। इनमें से कई की हालत काफी खराब बताई जा रही है।
इतनी बड़ी संख्या में लोगों में फूड प्वाइजनिंग के कारण अफरा-तफरी मच गई। जिसके बाद कई लोगों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ा। इस बारे में जानकारी देते हुए डॉ. भूपेंद्र ने बताया कि गांव में बीमार पड़े लोगों ने शादी में दावत खाई थी। इनमें से ज्यादातर लोगों ने हलवा खाया था, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। ज्यादातर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। उनके पास आए एक मरीज की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।