UP में धड़ल्ले से छापे जा रहे नकली नोट, फिर पुलिस का चला ऐसा एक्शन; सब उगल दिया हैरान कर देने वाला सच
Pilibhit fake notes
India News (इंडिया न्यूज़),Pilibhit fake notes: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के बरखेड़ा थाना पुलिस ने नकली नोटों का कारोबार करने वाले चार अंतर्राज्यीय कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2.90 लाख रुपये की नकली भारतीय मुद्रा और इसे बनाने की मशीन बरामद की गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं के रहने वाले हैं।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार
अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर इन्हें गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में इन्होंने बताया कि उन्होंने यूट्यूब के जरिए नोट बनाना सीखा था। नकली नोट बनाने के बाद ये ग्रामीण इलाकों में भोले-भाले लोगों को देते थे। पकड़े गए आरोपियों में से 2 लोग शाहजहांपुर जिले के रहने वाले हैं जिनके नाम रिजवान और अब्दुल सत्तार हैं। जबकि खलील अहमद बदायूं का रहने वाला है। चौथा आरोपी फरियाद बरेली का रहने वाला है।
इस पूरे मामले पर पुलिस का क्या कहना
पुलिस का कहना है कि इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। अभी तक इन्होंने एक करोड़ के नकली नोट छापने की बात कबूल की है। पीलीभीत के अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि आज नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। इन लोगों ने अब तक करीब एक करोड़ रुपये के नकली नोट छापे हैं।