प्रयागराज में दिखा खौफनाक मंजर, हाईटेंशन लाइन खींचते वक्त अचानक ये क्या हुआ; कांप गई लोगों की रूह
Prayagraj News
India News (इंडिया न्यूज़),Prayagraj News: यूपी के प्रयागराज में बड़ा हादसा हो गया। यहां सहसों गांव में जगबंधनपुर के पास रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। इसके पास लगे 400 केवी के तार ब्रिज टावर पर कुछ मजदूर तार खींच रहे थे। उसी दौरान टावर गिर गया। इस घटना में पांच मजदूर घायल हो गए। मजदूर मशीन के जरिए तार खींच रहे थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। हादसे का शिकार हुए मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया
इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रयागराज गंगापार क्षेत्र में सहसों के पास रिंग रोड का काम चल रहा है। यहां बंगाल से दिल्ली को जोड़ने वाले तार के लिए नया तार ब्रिज टावर बनाया गया था और इस पर तार खींचे जा रहे थे। शनिवार दोपहर ब्रिज टावर पर मशीन के जरिए तार खींचे जा रहे थे, तभी अचानक टावर गिर गया। इससे पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन निवासी मजदूर आमिर, कासिम, अनिरुद्ध, अब्दुल, पुतुल शेख, सलीम और छोट्टन गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। लोग घायलों को इलाज के लिए सहसों स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने सलीम की हालत गंभीर देख उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। घायलों के साथ काम कर रहे मजदूर ने बताया कि एक मशीन के जरिए दोनों तरफ से तार खींचा जा रहा था, इस दौरान कुछ मजदूर टावर के नीचे काम कर रहे थे। जब टावर गिरा तो उसकी चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। गंगापार डीसीपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल को दिल्ली से जोड़ने वाली 400 केवी लाइन का तार खींचने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक टावर अनियंत्रित होकर गिर गया, जिसमें पांच मजदूर घायल हो गए। दो को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं तीन को प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।