India News (इंडिया न्यूज़),Rahul Gandhi Two MP Remark:  देश में कोई भी चुनाव हो, एक शब्द की गूंज खूब सुनाई देती है- डबल इंजन। राज्यों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता डबल इंजन की सरकार का नारा देते हैं। दिल्ली नगर निगम चुनाव में उस समय केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ने भी डबल इंजन को अपने प्रचार का मुख्य आधार बनाया था। अब पहली बार डबल इंजन का इस्तेमाल सरकार के लिए नहीं बल्कि सांसद के लिए किया गया है।

रायबरेली से बोले राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने टू एमपी थ्योरी दी है, जिसके बाद डबल इंजन एमपी चर्चा में आ गया है। राहुल गांधी गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के ऊंचाहार में थे। एक कार्यक्रम में शामिल होने आए राहुल गांधी ने कहा कि रायबरेली ऐसी सीट है, शायद पूरे भारत में एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां से दो सांसद हैं। एक मैं हूं और दूसरी प्रियंका हैं। उनको भी यहां बुलाओ। उन्होंने यह भी कहा कि कभी-कभी उनको भी बुलाओ। वो मुझे वायनाड बुलाती हैं और मैं चला जाता हूं। राहुल गांधी ने कहा कि वह (प्रियंका गांधी) भी रायबरेली से सांसद हैं, इसलिए आप उन्हें भी यहां बुलाएं।

रायबरेली  जनता का जताया आभार

उन्होंने लोकसभा चुनाव में समर्थन के लिए रायबरेली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया। राहुल गांधी ने गांधी परिवार के रायबरेली से जुड़ाव का भी जिक्र किया और कहा कि आपको जो भी समस्या है, बस मुझे बताएं कि क्या करना है और मैं करूंगा। मैं हमेशा उपलब्ध हूं। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई राजनीतिक रिश्ता नहीं है, यह पारिवारिक रिश्ता है।

बिहार बोर्ड जल्द करेगा 10वीं-12वीं के रिजल्ट का ऐलान, ऐसे कर सकते हैं छात्र चेक

प्रियंका गांधी ने रायबरेली में डेरा डाला

राहुल गांधी की दो सांसद वाली थ्योरी पर प्रियंका गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि रायबरेली हमारा परिवार है और परिवार के हर आदेश का पालन किया जाता है। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी सालों से रायबरेली में सक्रिय हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव तक सोनिया गांधी रायबरेली सीट से सांसद थीं। हर आम चुनाव में प्रियंका गांधी ने रायबरेली में डेरा डाला और सोनिया गांधी के चुनाव प्रचार की कमान संभाली।
सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा जाने के बाद प्रियंका गांधी के रायबरेली सीट से चुनाव लड़ने की भी चर्चा थी। हालांकि 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को उम्मीदवार नहीं बनाया और राहुल गांधी रायबरेली के साथ-साथ केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़े और दोनों सीटों पर जीत हासिल की। ​​राहुल ने वायनाड सीट छोड़ दी थी और उपचुनाव में प्रियंका गांधी सांसद चुनी गई थीं।