India News (इंडिया न्यूज), Sambhal Violence Update: संभल मस्जिद विवाद के बीच आज जुमे की नमाज के दिन शुक्रवार को नमाज के दौरान माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए। इसी दौरान मौलाना तौकीर को पुलिस ने सीबीगंज थाने में गिरफ्तार कर लिया। प्रशासन ने शाही मस्जिद और उसके आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी भी की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। हाल ही में तौकीर रजा ने एक विवादित बयान भी दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुसलमानों को बेवजह पीसा जा रहा है।
प्रशासन की थर्ड लेवल सिक्योरिटी तैनात
शाही मस्जिद में शुक्रवार की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। नमाज अदा करने के बाद नमाजी शांति और सौहार्द के साथ अपने घरों को लौट गए। प्रशासन ने नमाज के दौरान पूरी सतर्कता बरतते हुए मस्जिद के आसपास सख्त सुरक्षा व्यवस्था की थी। बता दें, प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने माहौल को संभाला रखा। साथ ही, मुरादाबाद के कमिश्नर, संभल के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
ड्रोन से की जा रही निगरानी
प्रशासन ने शाही मस्जिद और आसपास के इलाकों की ड्रोन से निगरानी जारी रखी है। इससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी रही। पुलिस और प्रशासन के सख्त कदमों से माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। प्रशासन के इस कदम से ये माना जा रहा है कि मौलाना तौकीर की गिरफ्तारी से क्षेत्र में शांति बनाए रखने में मदद मिली। वहीं दूसरी तरफ, स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन के हर कदम पर शांति बनाए रखने में सहयोग दिखाया है।