India News (इंडिया न्यूज) Ghaziabad Crime News: शादी करके घर बसाना हर लड़की का सपना होता है। लेकिन क्या हो अगर शादी के बाद दूल्हा अपनी नई दुल्हन की तरफ देखे भी नहीं। उससे बात भी न करे। सुहागरात भी न मनाए। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां एक लड़की की शादी पिछले साल गाजियाबाद के एक युवक से हुई थी। लेकिन शादी के एक साल बाद भी दूल्हे ने उसके साथ संबंध नहीं बनाया।
अब न्याय के लिए कोर्ट पहुंची
मंगलवार को दुल्हन ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की है। दुल्हन का आरोप है कि दूल्हे के दूसरी महिलाओं से अवैध संबंध हैं। इसलिए वह न तो उससे बात करता है और न ही उसके साथ सेक्स करता है। इस वजह से उसका परिवार भी नहीं बढ़ रहा है। ससुराल में सास-ससुर सभी दुल्हन से बात करते हैं। सिर्फ दूल्हे का व्यवहार दुल्हन के साथ ठीक नहीं है। लड़की ने बताया कि शादी के वक्त उसके परिवार ने 5 करोड़ रुपए खर्च किए थे। उन्होंने दूल्हे को मर्सिडीज कार भी दी थी।
2021 में हुई थी दोनों की शादी
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद जिले के रहने वाले युवक और युवती ने 2021 में अग्नि के सामने सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया था। लेकिन शादी के एक साल बाद भी दोनों का वैवाहिक जीवन शुरू नहीं हुआ। कोर्ट में तलाक के लिए दाखिल अर्जी में युवती ने आरोप लगाया है कि पति उसके पास नहीं आता था। सिर्फ ससुराल वाले ही उससे बात करते थे और उसे खुश रखने की कोशिश करते थे। पति न तो बात करता था और न ही उससे संबंध रखता था। युवती ने बताया कि जब उसने यह बात अपने ससुराल वालों को बताई तो उन्होंने कहा- बेटी वह सुधर जाएगा। बस तुम घर में किसी को इस बारे में मत बताना।
एक साल तक दुल्हन चुप रही
इससे युवती के घरवाले भी यह नहीं जान पाए कि उसकी शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही है। युवती एक साल तक यह व्यवहार बर्दाश्त करती रही, लेकिन जब वह बर्दाश्त नहीं कर पाई तो उसने तलाक लेने की जिद पकड़ ली। युवती दो साल से अपने मायके में रह रही है। जब कोई पक्ष राजी नहीं हुआ तो युवती ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दाखिल कर दी है। युवती का आरोप है कि उसके पति के दूसरी महिलाओं से संबंध हैं और इस वजह से वह उससे बात नहीं करता।