India News (इंडिया न्यूज़), UP News: यूपी के देवरिया में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पहले से शादीशुदा शख्स दूसरी शादी कर रहा था। इसी बीच पहली पत्नी पुलिस बल के साथ शादी के मंडप में पहुंच गई। पति को दूल्हा बने देख वह भड़क गई। मंडप में हंगामा मच गया। इसके बाद पुलिस दूल्हे के पति को पकड़कर थाने ले गई। घटना के बाद गुस्साए लड़की के घरवालों ने शादी में खर्च हुए पैसे वापस करने की मांग करते हुए दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया। देर रात तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत चलती रही। काफी समझाने के बाद लड़की पक्ष ने मंगलवार की सुबह दूल्हे के पिता को छोड़ दिया।

कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के कुशमहां गांव निवासी एक व्यक्ति की पहली शादी फाजिलनगर थाना क्षेत्र के सुमही गांव में हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। इससे नाराज होकर पत्नी अपने मायके चली गई। इधर, पति की दूसरी शादी बघौचघाट थाना क्षेत्र के हरखौली (दुलारपट्टी) गांव में तय हो गई। सोमवार को लड़के के परिवार वाले बारात लेकर पथदेवा स्थित एक मैरेज हाल में पहुंचे। द्वारपूजा भी हो गई थी। उसके बाद जयमाला की रस्म शुरू हो गई थी। लोग खुशी-खुशी जयमाला की रस्म देख रहे थे, तभी दूल्हे की पहली पत्नी रामकोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। उसने शादी में हंगामा करना शुरू कर दिया।

लड़के पक्ष से पूछताछ के बाद पुलिस दूल्हे को थाने ले गई। घटना के बाद मामला गरमा गया। बारातियों और दुल्हन पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। डरे सहमे बाराती जान बचाकर भाग निकले। उसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता को बंधक बना लिया। दुल्हन पक्ष ने मैरेज हाल का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। लड़की पक्ष का आरोप था कि लड़के पक्ष ने पहली पत्नी की बात छिपाकर शादी तय कर ली थी। वे शादी में खर्च हुए रुपये और सामान वापस मांग रहे थे। दूल्हे के पिता बात करने के लिए कुछ समय मांग रहे थे। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, बाद में समझौता होने पर लड़की पक्ष ने दूल्हे के पिता को सुबह करीब चार बजे छोड़ दिया।

शादी का मंडप बन गया जंग का मैदान.. 2 पक्षों में जमकर हुआ बवाल, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट