India News (इंडिया न्यूज) up news: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में जिला महिला अस्पताल परिसर के पास एक नवजात शिशु का सिर कटा शव मिला। इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद अस्पताल के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के जिला महिला अस्पताल परिसर के पास का है। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर ललितपुर जिला महिला अस्पताल परिसर के पास एक नवजात शिशु का शव मिला। शिशु के शरीर को कुत्तों ने नोंच रखा था, जिससे उसका सिर कटा हुआ था। वहीं मामले में जानकारी देने से बचने के लिए जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्साधिकारी और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य समेत जिम्मेदार अधिकारियों ने अपने-अपने नंबर बंद कर लिए हैं। जिससे मीडिया को आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी। जानकारी यह भी सामने आई है कि 9 जनवरी को जिले की एक महिला को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जांच में जुटी पुलिस
महिला ने उसी दिन एक बच्चे को जन्म भी दिया था। लेकिन बच्चे का पूर्ण रूप से विकास न होने के कारण उसे एसएनसीयू में भर्ती कर दिया गया। हालांकि कुछ देर बाद नवजात की मौत हो गई। जिसका शव परिजनों को सौंप दिया गया। लेकिन परिजन जिला अस्पताल से डिस्चार्ज पेपर लिए बिना ही महिला को लेकर मौके से चले गए। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने नवजात को वहां फेंक दिया। फिलहाल इस मामले में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. डी नाथ और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. मीनाक्षी सिंह कुछ भी कहने से बच रही हैं। मामले की जानकारी के लिए दोनों से संपर्क भी किया गया, लेकिन उनके फोन बंद मिले। उधर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।