India News (इंडिया न्यूज), UP Anganwadi Bharti 2025: उत्तर प्रदेश में आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए 21,547 नई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। UP सीएम के निर्देश पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग इस प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा करने में लगा हुआ है। भर्ती के लिए बनाए गए पोर्टल पर अब तक 6.69 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनका ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन किया जा रहा है।
इन जिलों में भर्ती प्रक्रिया पूरी
UP के कई जिलों में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसमें बस्ती, मऊ, देवरिया, मथुरा और बिजनौर में चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि मुरादाबाद और प्रयागराज में आंशिक रूप से पूरी हो चुकी है। शेष 68 जिलों में प्रमाण पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 53 जिलों में अभ्यर्थियों के अभिलेखों का भौतिक सत्यापन हो चुका है और 17 जिलों में यह प्रक्रिया चल रही है।
पारदर्शिता और प्रमाण पत्रों का सत्यापन
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवेदकों के दस्तावेजों का ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। विभाग इसे जल्द पूरा करने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है, ताकि चयनित कार्मिक जल्द से जल्द अपना कार्यभार संभाल सकें।