इंडिया न्यूज, मऊ:
UP Election 2022: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 के किनारे स्थित मैदान में आयोजित जनसभा की तैयारियां लगभग एक दिन पूर्व ही पूर्ण हो चुकी थीं। सुबह नौ बजे के बाद से आयोजन शुरू हुआ तो मंच पर पदाधिकारियों का संबोधन शुरू हुआ। यह कार्यक्रम सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19वें स्थापना दिवस के मौके पर रतनपुरा ब्लाक के हलधरपुर (ढ़ोलवन) में आयोजित किया गया था। मंच से एक एक कर महापंचायत के बारे में जनता को संबोधित करते हुए आगामी चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं को जूझने के लिए तैयार रहने की अपील की गई।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत UP Election 2022
आयोजन स्थल पर दोपहर 12.25 बजे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर एक साथ पहुंचे तो भीड़ ने नेताद्वय का जोरदार नारों से स्वागत किया। कार्यक्रम से पूर्व दोनों ही नेता एक साथ वाराणसी में बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया हमला UP Election 2022
अखिलेश यादव ने सुभासपा के 19 वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा है कि पूरे मैदान में चारो तरफ पीला और हरा रंग (झंडा) दिख रहा है। यह देख दिल्ली और लखनऊ में बैठे लोग लाल पीला हो रहे होंगे। यह ओम प्रकाश राजभर जी अच्छी तरह से जान रहे हैं। जिस तरह से बंगाल में खेल हुआ है उसी तरह प्रदेश में खदेड़ा होगा। प्रदेश में अब जो गठबंधन हुआ है उससे भाजपा का सफाया होगा।
भाजपा ने जो सपने दिखाए, झूठ बोलकर जनता को बरगलाया। अब झूठ बोलने वालों की कोई सजिश दलित और पिछड़े वर्ग वालों पर सफल नहीं होगा। कोरोना संक्रमण काल में गरीबों को अनाथ छोड़ दिया गया। अब मेडिकल कालेज खोले गए। उद्घाटन कर दिया गया। पर्दा हटा तो अंदर कुछ भी मौजूद नहीं। अब लखनऊ वाले दिल्ली वालों के लिए और दिल्ली वाले प्रदेश के लिए झूठ बोल रहे हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने योगी सरकार को घेरा UP Election 2022
स्थापना दिवस के कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मैं अगले मुख्यमंत्री को लेकर आया हूं। सरकार बनते ही गरीबों का बिजली बिल माफ होगा। दुनिया के सबसे बडे झूठे पीएम नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ हैं। अब उत्तर प्रदेश से योगी की विदाई तय है। हर तरफ महंगाई बढ़ी है। पश्चिम बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश में खेला होगा। प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि ‘योगी जी सुन लीजिए, मैं सत्ता पर बैठाना जानता हूं तो उतारना भी जानता हूं।’
सरकारी कर्मचारियों की समस्या को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों संग वेतन की विसंगतियों को दूर करना है और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी को आठ घंटे करने के साथ सप्ताह में एक दिन का अवकाश भी दिया जाएगा। भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि कल के बाद भाजपा अफवाह उड़ाना शुरू कर देगी कि ओम प्रकाश राजभर 500 या एक हजार करोड़ लेकर बिक गया। लेकिन, इस पर विश्वास करने की जरूरत नहीं है।
अब हमारी पार्टी सुभासपा ने तय कर लिया है कि अगले मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के अखिलेश यादव ही होंगे। इस समय हिन्दू नहीं देश ,संविधान, सरकारी संपत्ति खतरे में है। हम अखिलेश यादव के साथ सरकार बनाकर इसे बचाएंगे। पीएम नरेन्द्र मोदी कहते थे कि देश बिकने नही दूंगा और इसे धीरे-धीरे इसे बेच रहे हैं।
गोंडा में सीएम योगी ने मेडिकल कॉलेज का किया शिलान्यास, 1132 करोड़ रुपए की परियोजनायों की दी सौगात
Connect With Us: Twitter Facebook