India News (इंडिया न्यूज),UP News: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक प्रेमी जोड़े की प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हो गया। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन अलग-अलग समुदाय के होने की वजह से उनकी शादी में बाधा आ रही थी। ऐसे में प्रेमी ने प्रेमिका की खातिर इस्लाम धर्म अपना लिया। लेकिन फिर भी प्रेमिका के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। ये बात प्रेमी को पसंद नहीं थी। आरोप है कि शादी के बाद जब प्रेमिका अपने मायके आई तो प्रेमी ने गुस्से में आकर उसकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी। जिसके बाद इस घटना से गुस्साए प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी की इतनी पिटाई की कि इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर डीआईजी, एसपी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने की वजह से पुलिस अलर्ट पर है। आइए जानते हैं पूरी कहानी…

यह है पूरा मामला

आपको बता दें कि बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल की मुलाकात 2022 में जकारिन नाम की लड़की से हुई थी।  दरअसल, राहुल ने रेलवे का फॉर्म भरा था. वह लखनऊ में परीक्षा देने जा रहा था। लखनऊ जाने के लिए उसे फतेहपुर से ट्रेन पकड़नी थी और फतेहपुर से ट्रेन पकड़ने के लिए उसे बांदा में यमुना नदी पार करनी थी। इसी दौरान उसकी पहली मुलाकात जकारिन से नाव में हुई थी। जिसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए।

दोनों घंटों फोन पर बात करने लगे

कुछ ही समय में राहुल और जकारिन के बीच प्यार इतना बढ़ गया कि दोनों घंटों फोन पर बात करने लगे। साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे. राहुल जकारिन को अपना जीवनसाथी बनाना चाहता था, लेकिन धर्म आड़े आ रहा था। ऐसे में राहुल ने प्यार की खातिर अपना धर्म बदल लिया।  वह राहुल से मुर्शद बन गया। राहुल दाढ़ी रखने लगा, टोपी पहनने लगा और नमाज भी पढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि जकारिन का परिवार चाहता था कि दोनों एक हो जाएं, लेकिन कुछ रिश्तेदार इसमें अड़चन डाल रहे थे।

घरवालों ने राहुल को पकड़ लिया

राहुल मुंबई में रहकर अपना काम करता था। बीच-बीच में वह अपने गांव बांदा भी आता-जाता रहता था। दोनों (राहुल और जकारिन) के गांवों के बीच महज 4 से 5 किलोमीटर की दूरी है। दोनों एक-दूसरे से छिप-छिपाकर मिला करते थे। लेकिन जकारिन की पिछले साल दिसंबर में शादी हो गई। वह इसी हफ्ते ससुराल से मायके आई थी। इस बीच राहुल भी हाल ही में मुंबई से लौटा था। वह जकारिन की शादी से काफी नाराज था। इसी गुस्से में उसने कथित तौर पर जकारिन की हत्या कर दी। जिसके बाद जकारिन के घरवालों ने राहुल को पकड़ लिया और इतना पीटा कि अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।
राहुल के पिता ने जकारिन के घरवालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राहुल को फोन करके बुलाया गया और फिर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। जकारिन की हत्या भी उसके घरवालों ने की है। गांववाले राहुल के धर्म परिवर्तन से नाराज थे, उन्होंने परिवार से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। उनका आना-जाना बंद हो गया था। लेकिन अब राहुल की हत्या कर दी गई है। इस मामले में बांदा एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि पैलानी थाने को सूचना मिली थी कि एक लड़का किसी लड़की से मिलने गया था। कहासुनी के बाद लड़के ने लड़की पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे लड़की की मौत हो गई. इसके बाद लड़की के घरवाले भड़क गए और लड़के की पिटाई कर दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।  दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट पेश की जाएगी।