यूपी CM को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा, बोले- योगी आदित्यनाथ BJP के सदस्य नहीं हैं
UP Politics
India News(इंडिया न्यूज़),UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के सदस्य नहीं हैं। अखिलेश ने यह चौंकाने वाला दावा लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। दरअसल, सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश ने भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के बयान का जिक्र किया। अखिलेश ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि एक विधायक ने कहा कि हर दिन 50 हजार गायें काटी जा रही हैं। या तो विधायक गलत हैं या यह सच है कि हर दिन 50 हजार गायें काटी जा रही हैं।
योगी आदित्यनाथ BJP के सदस्य नहीं हैं- अखिलेश यादव
भाजपा विधायक कह रहे हैं कि अगर आज भाजपा की सरकार नहीं होती या सीएम नहीं होते तो वह मुख्यमंत्री आवास में घुस जाते। उन्हें शायद यह नहीं पता कि आज जो सीएम हैं, वह भाजपा के सदस्य नहीं हैं। तो किस बात का इंतजार कर रहे हैं, अगर हर दिन 50 हजार गायें काटी जा रही हैं तो लखनऊ आएं और मुख्यमंत्री आवास में घुस जाएं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रमुख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में संभल का मुद्दा भी उठाया। वे दिल्ली और लखनऊ से तैयारी करके आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। लेकिन जब वे दूसरी बार जाना चाहते थे, तो पुलिस ने उन्हें जाने दिया। पहली बार सरकार क्या छिपाना चाहती थी? वहां लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है, झूठे मुकदमे बनाए जा रहे हैं। पूरी घटना सरकार ने गढ़ी है। जब हमारे पास पहले से ही प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट 1991 है, तो सर्वे की इतनी जल्दी क्यों थी? उसके हिसाब से सर्वे नहीं हो सकता। लेकिन ये सब साजिश के तहत किया गया।
अखिलेश ने कहा कि ये दंगे नहीं थे, प्रशासन की फायरिंग से लोग मरे हैं। अधिकारियों पर ऐसा कौन सा दबाव है कि वे अलोकतांत्रिक काम कर रहे हैं? जो लोग जेल गए, उन्हें बुरी तरह पीटा गया, उनकी जान भी जा सकती थी। उन पर सरकार के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया जा रहा है। हमारे प्रतिनिधिमंडल से मिलने के बाद अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया, और निलंबन भी जाति के आधार पर किया गया।