India News(इंडिया न्यूज़),UP Politics: भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई में नए जिला अध्यक्षों की सूची पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े मंथन कर रहे हैं।  हालांकि यह मंथन जिला अध्यक्षों के नामों तक सीमित नहीं है बल्कि यूपी में मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकने वाले चेहरों के नामों पर भी चर्चा हो रही है। विनोद तावड़े बोर्ड निगम आयोग में सदस्यों और अध्यक्षों के रिक्त पदों पर भी चर्चा कर रहे हैं। हाल ही में हुई बैठक के बाद विनोद तावड़े ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महासचिव धर्मपाल के साथ उन भाजपा कार्यकर्ताओं के नामों पर चर्चा की जिन्हें मंत्रिमंडल और बोर्ड निगम आयोग में शामिल किया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कब

सबसे पहले भाजपा के जिला अध्यक्षों की बात करें तो दावा किया गया कि काफी विवादों के बीच विनोद तावड़े की मौजूदगी में भाजपा ने 98 में से 65-70 संगठनात्मक जिलों में जिला अध्यक्षों के नाम फाइनल कर दिए हैं। शनिवार को भाजपा हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद सूची जारी होने की संभावना है। फरवरी के अंत तक होगी प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा । सूत्रों की मानें तो फरवरी के अंतिम सप्ताह में पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।

रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को सौंपी जाएगी

सीएम योगी समेत पार्टी के वरिष्ठों से मुलाकात के बाद विनोद तावड़े ने भी इस मामले में एक राय बना ली है। जिसकी रिपोर्ट दिल्ली जाते ही हाईकमान को दे दी जाएगी। जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के प्रभारी पीयूष गोयल लखनऊ आएंगे और फिर मनोनयन के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष बन जाएंगे। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए मंत्रिमंडल में शामिल होंगे नए चेहरे दूसरी ओर सूत्रों की मानें तो योगी सरकार 2.0 का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार जल्द ही होगा।

मंत्रिमंडल में बदलाव का असर

संगठन में बदलाव का असर मंत्रिमंडल में भी देखने को मिल सकता है। विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरे शामिल किए जाएंगे। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वहीं कुछ मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी होगी। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। कैबिनेट में 21 कैबिनेट मंत्री, 14 स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 19 राज्य मंत्री हैं, यानी कुल 54 मंत्री हैं। इस हिसाब से फिलहाल 6 मंत्री पद खाली हैं।