India News (इंडिया न्यूज़),UP Politics: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत सभी बड़े चेहरे चुनाव हार गए। इस मुद्दे पर अमेठी में मौजूद कांग्रेस पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली में अपना वोट प्रतिशत बढ़ाया है। जो वोट कांग्रेस का था, वह आम आदमी पार्टी में चला गया। इस बार गठबंधन था, इसलिए आम आदमी पार्टी लड़ पाई।
जनता आम आदमी पार्टी की नाकामियों को समझ चुकी
अगर गठबंधन नहीं होता, तो चुनाव का नतीजा कुछ और होता। कांग्रेस सांसद ने कहा कि जनता आम आदमी पार्टी की नाकामियों को समझ चुकी है। क्योंकि जनता बहुत समझदार है। जो आदमी यह कहकर आया था कि मैं बहुत सरल आदमी हूं। उसके व्यक्तित्व को ठेस पहुंचाई गई है। जिसके कारण आम आदमी पार्टी की यह हालत है। हम चुनाव नतीजों से सबक लेकर जनता के बीच आएंगे- किशोरी लाल शर्मा हम इससे सबक लेंगे और ज्यादा मेहनत करके फिर से जनता के बीच जाएंगे।
मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत
उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत पर चर्चा करते हुए सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि हमने वहां समाजवादी पार्टी का समर्थन किया था। वहां जो हुआ उसके बारे में अखिलेश यादव संसद में भी बोल चुके हैं। सरकार जिस तरह से सत्ता का दुरुपयोग कर रही है वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत
उधर, उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के अंतर्गत मिल्कीपुर में हुए विधानसभा उपचुनाव समेत दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर पार्टी नेता व कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए। जिले के सभी चौक-चौराहों पर पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटी गईं। उधर, गौरीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय पर भाजपा जिला अध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा ने मिठाई बांटकर और लोगों से गले मिलकर खुशी का इजहार किया।