India News (इंडिया न्यूज),UP Weather Alert: यूपी में एक बार फिर मौसम यू-टर्न लेने जा रहा है। आसमान में काले बादल छाएंगे और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज के साथ छींटे पड़ेंगे। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 20 फरवरी को यूपी के 15 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट होने का अनुमान है।

इसको लेकर येलो अलर्ट जारी

आईएमडी के मुताबिक 19 फरवरी को यूपी के सभी 75 जिले ग्रीन जोन में हैं। ऐसे में इस दौरान यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों मंडलों में मौसम शुष्क रहेगा और कुछ जगहों पर सुबह या देर रात हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है। वहीं 20 फरवरी को पश्चिमी यूपी के 15 जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रहा

मौसम विभाग के अनुसार,एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 5 दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। यूपी के लखनऊ स्थित अमौसी मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलवार को यूपी में सबसे कम तापमान बस्ती और बुलंदशहर में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रहा।