India News (इंडिया न्यूज), UP Weather News Today: होली के बाद से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ दिखाई दे रहा है। कई जिलों में बारिश की वजह से लोगों को हल्की गर्मी से राहत मिली है। वहीं कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। राजधानी लखनऊ और अयोध्या समेत कई जगहों पर बारिश हुई, साथ ही ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई।
लेकिन, दोपहर में तेज धूप निकलने के साथ ही एक बार फिर गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। IDM के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक यूपी में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। 22 मार्च तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 21 और 22 मार्च को प्रदेश के पूर्वी मंडल में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है।
जानें, कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 18 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। 19 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। प्रदेश में 20 मार्च को भी मौसम साफ रहने वाला है। 21 मार्च से प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना हैं, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने वाला है।
इन जिलों में बढ़ेगा तापमान
IMD के अनुसार, 22 मार्च को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में मौसम साफ रहने वाला है। पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 23 मार्च को प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। अगर तापमान की बात करें तो लखीमपुर खीरी में सबसे ज्यादा 25℃ न्यूनतम तापमान रहा। इसके अलावा चुर्क में 21.5℃, गोरखपुर में 21.2℃, फुरसत गंज में 20.5℃, फतेहगढ़ में 20℃ और हमीरपुर में 20.2℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। अयोध्या में 37℃, वाराणसी बीएचयू में 36.1℃ अधिकतम तापमान रहा। लखनऊ में 19℃ न्यूनतम और 33.1℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।