India News(इंडिया न्यूज),UP Weather Today:उत्तर प्रदेश में सर्दी की विदाई होते ही गर्मी ने धीरे-धीरे अपनी दस्तक देना शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी भी सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बना हुआ है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम को चली ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। लेकिन आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, तेज़ हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, दोपहर के समय चटक धूप का असर रहेगा, जिससे प्रदेश में गर्मी बढ़ने की संभावना है।

तेज़ हवाओं का सिलसिला कब तक?

5 और 6 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। इन दो दिनों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 7 से 10 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय हल्की गुलाबी ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में धूप का असर तेज़ होगा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

Champions Trophy Semi-final: कोहली की 84 रनों की पारी और शमी की घातक गेंदबाजी से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया, फाइनल में बनाई जगह

कहां कैसा रहेगा तापमान?

– नजीबाबाद में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10°C दर्ज किया गया।
– बुलंदशहर और अयोध्या में न्यूनतम तापमान 12°C दर्ज किया गया।
– दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे अगले दो दिनों में गर्मी का अहसास बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में अब मौसम करवट बदल रहा है। जहां सुबह और रातें अभी भी हल्की ठंडक लिए हुए हैं, वहीं दोपहर की चटख धूप गर्मी की आहट दे रही है। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के लोग गर्मी के बढ़ते असर के लिए तैयार रहें!