India News(इंडिया न्यूज)UP Weather Today: मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शनिवार को कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश के बाद अब पूरे प्रदेश का मौसम फिर से स्थिर होता दिख रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, यूपी के सभी 75 जिले अब “ग्रीन जोन” में आ चुके हैं, लेकिन जल्द ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को फिर से प्रभावित कर सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदलेंगे हालात

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2 मार्च की देर रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर और पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी यूपी में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। नोएडा, मेरठ और आसपास के इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

नीरज चोपड़ा का FIT India Sundays on Cycle को समर्थन, जोगिंदर शर्मा और स्क्वैश सितारे होंगे अग्रणी

UP में तापमान का हाल

शनिवार को प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान बलिया रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.5°C दर्ज किया गया, जबकि झांसी में अधिकतम तापमान 34.7°C तक पहुंच गया। लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, आगरा और मथुरा समेत कई शहरों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन हल्की ठंड फिर लौट सकती है।

कृषि पर असर, सरकार अलर्ट

हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर फसलों के नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को राहत देने के निर्देश दिए हैं। पश्चिमी यूपी के कई जिलों, जैसे अलीगढ़, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद और सहारनपुर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 मार्च को यूपी का मौसम साफ रहेगा, लेकिन 7 मार्च तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रह सकती है। वहीं, 2 मार्च की रात सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ अगले कुछ दिनों तक हलचल मचा सकता है। इस दौरान बारिश, बादल और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।