India News (इंडिया न्यूज), UP Weather Update: दिसंबर की शुरुआत के साथ उत्तर प्रदेश में ठंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लगातार बढ़ती ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन और रात दोनों समय के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे धूप भी अब गुनगुनी महसूस हो रही है।
सुबह और रात के समय घना कोहरा
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहेगा। खासतौर पर ग्रामीण इलाकों में इसका असर अधिक देखने को मिलेगा। यह स्थिति अगले दो-तीन दिनों तक बनी रह सकती है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फिलहाल तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। खासकर तराई क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।
सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री हुआ दर्ज
रविवार को राज्य के अयोध्या में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मेरठ, कानपुर और मुजफ्फरनगर में तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। उरई में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कुछ प्रमुख शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI)-
लखनऊ: 26.7/11.3 डिग्री, AQI: 276
आगरा: 26.5/11.9 डिग्री, AQI: 148
कानपुर: 25.4/9 डिग्री, AQI: 152
वाराणसी: 27.8/12.6 डिग्री, AQI: 74
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। ऐसे में सभी को सावधानी बरतने और गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है।