India News (इंडिया न्यूज), UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही ठंड ने अपनी तीव्रता बढ़ा दी है। प्रदेश के लोग इन दिनों कड़कड़ाती ठंड का सामना कर रहे हैं, और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। 5 जनवरी 2025 को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम काफी ठंडा बना हुआ है, खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना भी है।

घने कोहरे की बिछी चादर

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस समय प्रदेश में घने कोहरे की स्थिति है, जिससे राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में जीरो विजीबिलिटी (दृष्टि की स्थिति) हो गई है। कोहरे के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट आई है और पिछले कई दिनों से शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रही है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि आगामी पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही उत्तरी-पश्चिमी हवाओं की गति कमजोर होगी और पुरवा हवाओं का असर बढ़ेगा। इससे तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, और 5 जनवरी से कोल्ड डे की स्थिति में राहत मिल सकती है।

‘गलती से हम दो बार…’, लालू के ऑफर को नीतीश ने ठुकराया, बोले- अब हमेशा साथ रहेंगे

रात के तापमान में भी वृद्धि

अतुल कुमार सिंह के अनुसार, वायुमंडलीय स्थिरता टूटने से कोहरे का घनत्व कम होगा और दिन व रात के तापमान में भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही, 6 जनवरी को प्रदेश के पश्चिमोत्तर हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदा-बांदी की संभावना है। इसके बाद 7 जनवरी से तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है और कोहरे की स्थिति भी बढ़ सकती है।

न्यूनतम और अधिकतम तापमान

लखनऊ में 5 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8.6℃ और अधिकतम तापमान 17.8℃ दर्ज किया गया है, और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी है।

Today Horoscope: साल के पहले रविवार को बन रहा है रवि योग का शुभ संयोग, इन 5 राशियों के लिए तो खुलने वाला है कुबेर का खजाना, जानें आज का राशिफल!